
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका (सुभाष कोहली)। रक्षा बंधन से पहले पोस्ट ऑफिस कालका में राखी भेजने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलती थी। परंतु इस बार पोस्ट ऑफिस के बाहर सन्नाटा देखने को मिल रहा है, क्योंकि पिछले 1 सप्ताह से पोस्ट ऑफिस का सर्वर डाउन है। पोस्ट ऑफिस कार्यालय में ना तो रजिस्ट्री व पार्सल बुक हो रहे हैं, और ना ही बचत खाता धारकों के पैसे जमा हो पा रहे हैं। लोग पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं, ओर मायूस होकर वापस लौट रहे हैं। सर्वर डाउन रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही हाल अन्य शहरों के डाकघरों में भी देखा जा रहा है, जोकि समाचार पत्रों के जरिए मालूम पड़ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह सर्वर ऑल इंडिया बेसेज पर अपडेट किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि सर्वर राखी से 1 माह पहले या फिर राखी के त्योहार के बाद भी अपडेट किया जा सकता था, लेकिन राखी से ठीक पहले ही क्यों? इस समय के दौरान अपडेट करने से सरकार को भी इसका नुकसान हो रहा है, जनता अलग से परेशानी झेल रही है। राखी के बड़े त्योहार से पहले सिस्टम के बैठ जाने से लोगों में नाराजगी जायज है। इस सम्बंध में संवाददाता ने पोस्ट ऑफिस कालका के सब पोस्ट मास्टर से जानना चाहा, तो उन्होंने इस बारे में कैमरे के सामने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया, ओर बताया कि कब तक सही होगा कुछ नहीं बता सकते।
