दक्ष दर्पण समाचार सेवा
लाडवा 2 अगस्त (मानव गर्ग): लाडवा अनाजमंडी धर्मशाला में मार्कीट कमेटी की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना की 20 वी किस्त जारी करने का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे।
मार्कीट कमेटी सचिव संत कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर देशभर के करीब 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,500 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की। इस योजना के तहत किसानों को हर चार महीने में 2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे खेती-किसानी से जुड़ी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा कर सके। मुख्यातिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के सच्चे हितैषी हैं। पी.एम. किसान योजना ने देश के अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया है। बिना किसी बिचौलिए के सीधे खाते में धनराशि ट्रांसफर होने से पारदर्शिता भी बढ़ी है। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अनाजमंडी के सर्वांगीण विकास हेतु करोड़ों रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। मंडी में सडक़ें, शेड, जल निकासी व अन्य मूलभूत ढांचे के निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं, जिससे किसानों व व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर तहसीलदार नवम धनिया, प्रमोद धवन, प्रदीप सहगल, सतप्रकाश शर्मा, स्वीटी भुल्लर, रमेश आजाद सहित अनेक किसान व आढ़ती मौजूद थे।

लाडवा मंडी धर्मशाला में पी.एम. का लाइव कार्यक्रम देखते मुख्यातिथि व अन्य।
