दक्ष दर्पण समाचार सेवा
लाडवा 2 अगस्त (मानव गर्ग): लाडवा में बढ़ते नशे पर रोक लगाने के लिए लाडवा पुलिस ने लाडवा में पुलिस टीम के साथ मिलकर एक सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा गत रात्रि लाडवा के वार्ड नंबर दस की गलियों में जाकर नशा बेचने वाले व नशा करने वालों की तालाश की गई, लेकिन पुलिस के हाथ खाली रहे। पुलिस टीम को न तो कोई नशा बेचता मिला और न ही नशा करता। पुलिस की इस कार्यवाही से पहले नशा तस्कर भी सतर्क नजर आए। शुक्रवार रात्रि को लाडवाप्रभारी सुनील वत्स ने पुलिस टीम के साथ मिलकर यह सर्च अभियान चलाया गया था। पुलिस टीमों ने वार्ड में विभिन्न संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान पुलिस टीम ने बाहरी श्रमिकों की भी जानकारी ली तथा उनके पहचान पत्र भी जांचे।
लाडवाप्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे की तस्करी, सुरक्षा के मद्देनजर और अपराधिक तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर पुलिस की टीमें सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इस दौरान पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में नशा नहीं बिकने दिया जाएगा और न ही किसी को नशा करने की अनुमति दी जाएगी। पुलिस द्वारा आए दिन लाडवा में छापेमारी का काम किया जा रहा है और जो लोग चोरी चुपके नशा बेचने का काम कर रहे हैं वह तुरंत इस काम को बंद कर दें अन्यथा उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। इस मौके पर पुलिस टीम मौजूद थी।

लाडवा के वार्ड नंबर दस में सर्च अभियान चलाते पुलिस टीम के साथ थानाप्रभारी सुनील वत्स।
