
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
मुंबई ।
वो भले मौत का सौदागर था लेकिन उसके दिल में भी मोहब्बत जिंदा थी. देश के कई बड़े नामी माफिया डॉन की कुछ ऐसी ही कहानी है. ये वही डॉन हैं जिनके नाम से भी अच्छे-अच्छों की सांस फूलने लगती थी. लेकिन शायद ही पता हो कि ये डॉन भी किसी एक के सामने ना सिर्फ सर झुकाते थे बल्कि उनके लिए प्यार भी महसूस करते थे. ऐसे डॉन के लिए वो शख्स कोई और नहीं बल्कि उनकी माशूका थी. अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अपने काले कारनामों के लिए पूरी दुनिया में चर्चित है. आज भी कई मुल्कों की पुलिस को उसकी तलाश है.अंडरवर्ल्ड में आज भी उसके नाम की तूती बोलती है. दाऊद इब्राहिम के नाम पर अच्छे-अच्छों की सिट्टी पिट्टी गुम हो जाती थी. कहा जाता है कि दाऊद इब्राहिम की माशूका ही वो औरत है जिसके आगे अंडरवर्ल्ड डॉन की बोलती बंद हो जाती है. ये अलग बात है कि अंडरवर्ल्ड डॉन का दिल एक दो बार नहीं बल्कि चार बार अलग-अलग लड़कियों पर आया. बताया जाता है कि दाऊद इब्राहिम की गर्लफ्रेंड की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी का भी नाम शामिल है. दाऊद इब्राहिम पर मंदाकिनी का जादू इतना चला कि नब्बे के दशक में जब दाऊद इब्राहिम दुबई में रहने लगा था तो अक्सर मंदाकिनी दाऊद से मिलने दुबई जाया करती थी. वही दोनों की दोस्ती और प्यार परवान चढ़ा. अक्सर दोनों साथ-साथ वक्त बिताते नजर आते. दोनों की क्रिकेट ग्राउंड में बैठे तस्वीरें भी सामने आई. दाऊद इब्राहिम की दूसरी गर्लफ्रेंड में अनिता अयूब, महविश हयात और सुजाता का भी नाम आता है. गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई का करीबी दोस्त गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी गैंगस्टर अनुराधा चौधरी की प्रेम कहानी खासी चर्चित है. इस प्रेम कहानी की शुरुआत 2020 में उस समय हुई थी जब दोनों पुलिस से छिपे फिर रहे थे. अनुराधा जिसे अनु के नाम से जाना है अपने इलाके में लेडी डॉन के नाम से भी जानी जाती है. अनु की 2021 में गैंगस्टर काला जठेड़ी से मुलाकात हुई. उनकी मुलाकात तब हुई जब वे दोनों अलग-अलग कारणों से पुलिस से भाग रहे थे. अनुराधा पहले से ही राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के साथ जुड़ी हुई थी. इन दोनों ने 2024 में शादी की. दिल्ली में इन दोनों डॉन की शादी हुई और इस शादी में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए. 60 और 70 के दशक में माफिया डॉन हाजी मस्तान को मुंबई में स्मगलिंग का किंग कहा जाता था. उसके नाम से अच्छे-अच्छे लोग खौफ खाते थे. हाजी मस्तान को सोना नाम की बॉलीवुड अभिनेत्री से प्यार हुआ और कई सालों तक एक दूसरे के साथ रिलेशन में रहने के बाद हाजी मस्तान ने सोना से शादी कर ली. अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम और बॉलीवुड अभिनेत्री मोनिका बेदी की लव स्टोरी के बारे किसे नहीं पता, लेकिन ये बात कम ही लोगों को पता है कि इन दोनों की लव स्टोरी बेहद अलग है. अबू सलेम की जिंदगी में मोनिका बेदी जिस समय आई उस दौरान वह शादीशुदा था. उस दौरान अबू की पत्नी समीरा मुंबई में रहती थी. इनका एक बेटा था लेकिन बॉलीवुड की इस हॉट हीरोइन ने अबू सलेम के दिल में ऐसी जगह बनाई कि उसने समीरा को तलाक दे दिया. बताया जाता है कि मुंबई हमलों के बाद अबू सलेम दुबई शिफ्ट हो चुका था. इसी दौरान एक कार की प्रदर्शनी के दौरान उसकी मुलाकात मोनिका बेदी से हुई. इसके बाद अक्सर दोनों का मिलना-जुलना लगातार जारी रहा था. मोनिका अबू सलेम से मिलने के लिए खास तौर पर दुबई जाती थी. अबू सलेम और मोनिका बेदी का रिश्ता 2002 में टूट गया. ये दोनों एक दूसरे से अलग रहने लगे. कहा तो यहां तक जाता है कि अबू सलेम ने मोनिका बेदी को बॉलीवुड में एक बड़ा ब्रेक दिलाने का वादा किया था. अबू सलेम से रिश्ते में रहते हुए मोनिका बेदी ने कई बड़ी फिल्मों में काम भी किया था. उत्तर प्रदेश में 90 का दशक और गैंगस्टर श्रीप्रकाश शुक्ला की दहशत, एक दूसरे का पर्याय बन चुके थे. गोरखपुर से निकला ये लड़का देखते ही देखते माफिया डॉन बन चुका था. माफिया डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला का नाम इतना बड़ा हो गया था कि उसके सामने अच्छे-अच्छे लोग सिर झुका लेते थे, लेकिन फिर डॉन की जिंदगी में उस माशूका की एंट्री हुई, जिसने उसे दीवाना बना दिया. कहा तो यहां तक जाता है कि श्रीप्रकाश शुक्ला अपनी गर्लफ्रेंड के प्रेम में इस कदर फंसे की आगे जाकर उनकी मौत की वजह भी काफी हद तक वही बनी. उस दौर में जब मोबाइल फोन रखना कोई आम बात नहीं थी, श्रीप्रकाश शुक्ला ने उस समय अपनी गर्लफ्रेंड को एक महंगा फोन लेकर दिया था. श्रीप्रकाश शुक्ला की गर्लफ्रेंड का नाम वसुंधरा था. कहा जाता है कि पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड के फोन को ट्रेस कर श्रीप्रकाश शुक्ला तक पहुंची थी. श्रीप्रकाश शुक्ला को वसुंधरा से इस कदर मोहब्बत थी कि उसके एक इशारे पर कुछ भी करने को तैयार हो जाता था, लेकिन जब पुलिस श्रीप्रकाश शुक्ला तक पहुंची उसके बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड से आखिरी बार मिल तक नहीं पाया था.
