
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन (रजि.) की हरियाणा इकाई आगामी 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाली महाराजा दक्ष प्रजापति की राज्य स्तरीय जयंती में बढ़ चढ़कर भाग लेगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। वहीं इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री एवं समाजहितैषी नेता रणबीर सिंह गंगवा करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संगठन के प्रदेश मुख्य महासचिव विनोद प्रजापति डीग ने बताया कि यह आयोजन प्रजापति समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और मूल्यों को उजागर करने वाला एक महत्वपूर्ण सामाजिक पर्व होगा। उन्होंने कहा कि यह दिन समाज के लिए प्रेरणा, जागरूकता और एकता का प्रतीक बनेगा। विनोद ने कहा कि भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन इस आयोजन को सामाजिक चेतना और संगठनात्मक मजबूती का अवसर मानता है। संगठन की ओर से उन्होंने समस्त समाज बंधुओं से आह्वान किया है कि वे 13 जुलाई 2025 को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर महाराजा दक्ष प्रजापति के आदर्शों को आत्मसात करें और समाज को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। वहीं संगठन के राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक कृष्ण टीक ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए रविवार 22 जून को भिवानी में एक विशेष बैठक का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से बीपीएचओ पदाधिकारी व टीम सदस्य बढ़ चढ़कर भाग लेंगे।
