
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा मुंबई
गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ विवाद में बड़ा खुलासा हुआ है. गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ऑडियो जारी कर साफ किया है कि अब उनकी राहें लारेंस विश्नोई गैंग से जुदा हो गई हैं. साथ ही गोल्डी बराड़ ने उन लोगों को भी चेतावनी दी है, जो उनके नाम पर झूठी खबर फैला रहे हैं. लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई विवाद के बारे में गोल्डी बराड़ ने साफ किया कि अनमोल विश्नोई से उसकी अब नहीं बनती है. गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने अपनी ऑडियो में और क्या-क्या कहा गोल्डी बराड़ ने ऑडियो पोस्ट में कहा, ‘गंगानगर में जो आशीष गुप्ता पर हमला हुआ, वो मैंने और रोहित गोदारा भाई ने करवाया है. इसको मारना नहीं था, सबक सिखाना था. इसलिए पैर में गोली मारी है. अगर समझ गया, तो बढ़िया बात है, नहीं तो अगली बार सिर पर गोली मरवा देंगे, कोई दिक्कत नहीं है. हमें ये पोस्ट डालनी नहीं थी, क्योंकि हम मर्डर से कम की पोस्ट डालते नहीं हैं, लेकिन ये हमला मैंने और रोहित भाई ने कराया है, लेकिन सोशल मीडिया पर झूठी खबर आ रही है अनमोल विश्नोई के नाम से. इन्होंने ये पोस्ट क्यों डाली है या क्यों नहीं, ये उनको पता होगा. लेकिन अनमोल विश्नोई से अब हमारी बनती नहीं है, ये बात सभी भाइयों को हमने क्लीयर की हुई है. पिछले कुछ दिनों में राजस्थान के झुनझुनू, अजमेर जैसे इलाकों में ये खबर चल रही है कि गोल्डी बराड़ ने आईएसआई या पाकिस्तान के लिए फंडिंग मांगी. मैं न्यूज वालों को और प्रशासन से ये विनती करना चाहता हूं कि ऐसी खबर चलाने से पहले जरा कंफर्म कर लिया करो. बिना सबूत के किसी को देशभक्त या देश के गद्दार का सर्टिफिकेट न दे दिया करो. ऐसी खबर को पहले कंफर्म कर लिया करो. मेरी आवाज तो होनी चाहिए ना उस बात में. हमने अभी तक जो कुछ भी किया है, वो सरेआम किया है. लेकिन कुछ लोग चाणक्य नीति चलकर हमारा नाम खराब करना चाहते हैं. उनसे मैं कहना चाहता हूं कि ऐसे काम नहीं चलेगा भाई. दुनिया को इतनी समझ है, हमने इतने सालों में ऐसी हरकतें नहीं की है, तो आगे क्या करेंगे. बाकी समय बता देगा कि कौन देशभक्त है और कौन देश का गद्दार है. हम पंजाब में पले-बढ़े हैं और ये भी देश का ही हिस्सा है, हम कभी देश के खिलाफ काम नहीं करेंगे, हम नमक हराम नहीं हैं. कोई मंत्री हो, नेता हो… जिससे हमारी नहीं बनती, तो नहीं बनती.. ठीक है, सारे भाइयों को राम राम. केंद्रीय जांच एजेंसियों के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई और गोल्डी बराड़ के बीच अब दूरियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे नए गैंगवार की आशंका बढ़ गई है. दोनों अपनी-अपनी गैंग को मजबूत करने में लगे हैं. गोल्डी बराड़ ने राजस्थान के गैंगस्टर रोहित गोदारा से हाथ मिलाया है. बीते दिनों दोनों गैंगस्टर्स के करीबी पकड़े गए थे, जिनसे पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ है.
