
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
जीरकपुर, (राहुल मेहता)- ज़ीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में स्थित गुलमोहर ट्रेंड्स सोसाइटी में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी का गला काटकर हत्या कर देने का समाचार प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि घटना के समय कथित आरोपी ने शराब पी हुई थी। जिसको लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई और गुस्से में अंधे हुए पति ने अपनी पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। मृतका महिला की पहचान 51 वर्षीय दुर्गा बिष्ट के रूप में हुई है, जो ऑल केमिस्ट अस्पताल में नर्स लगी हुई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं, जिनके द्वारा मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलमोहर सोसाइटी के टावर नंबर सी-2 के फ्लैट नंबर 91 में कैलाश बिष्ट नाम का व्यक्ति रहता था, जो शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। आज शाम करीब साढ़े सात बजे जब कैलाश बिष्ट शराब पी रहा था, तो उसकी अपनी पत्नी दुर्गा बिष्ट से कहासुनी हो गई। इस दौरान कैलाश बिष्ट ने गुस्से में आकर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से दुर्गा बिष्ट की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिस कारण दुर्गा बिष्ट की मौत हो गई। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी की पहले भी ठीक तरह से बनती नहीं थी और दोनों में अनबन चली आ रही थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेरा बस्सी के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और इसके अलावा पुलिस ने कैलाश बिष्ट के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले की जाँच शुरू कर दी है।

