दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
राम शब्द महामंत्र है यह मात्र दशरथ नंदन ,कौशल्या का पुत्र ही नहीं अपितु समस्त ब्रह्मांड के नियंता, सब देवों के देव का नाम है जो मर्यादा पुरुषोत्तम राम के रूप में अयोध्या में अवतरित हुए हैं lइस कलयुग में मनुष्य की आयु इतनी कम रह गई है कि वे यज्ञ ,जप ,तप आदि नहीं कर सकता ऐसे में राम का नाम लेने मात्र से ही इन सब का फल मिल जाता है lवास्तव में राम बोलते समय रा कहते हुए हमारा मुंह खुलता है तो अंदर स्थित पाप बाहर निकल जाते हैं l म का उच्चारण करते ही मुंह बंद हो जाता है और पाप पुनः मुंह में प्रवेश नहीं कर पातेl तभी तो कहा जाता है कि जिस घर में प्रतिदिन राम नाम का कीर्तन होता है तो वह घर तीर्थ रूप हो जाता है l राम शब्द मे रा अग्नि का स्वरूप है यह पापों का दहन करता है ,म जल का प्रतीक है ,जल आत्मा का द्योतक है इस प्रकार राम कहते ही पाप जलते हैं और जीवात्मा का परमात्मा से मिलन हो जाता हैl केवल राम-राम जपने से ही कोई राम का प्रिय नहीं बन जाता राम जैसा जीवन जीकर ही राम का प्रिय बना जा सकता हैl अयोध्या की सत्ता अगर वह स्वीकार कर लेते तो राजाराम बन जाते ,पर सत्ता को ठोकर मार कर वह हर दिल के राजा बन गए l पूरी दुनिया में राम जैसा व्यक्तित्व आज तक नहीं हुआ lअच्छे शासक का वही तो गुण होता है दुखी पीड़ितों के द्वार पर स्वयं पहुंच जाएlअच्छा पुत्र वही तो होता है जो पिता के सम्मान की रक्षा के लिए वन जाने को तैयार हो जाए, अच्छा भाई का यही तो गुण है कि अपने भाई को सुख देने के लिए स्वयं सुखों को छोड़ दें l एक आदर्श पुत्र ,आदर्श भाई, आदर्श पति, आदर्श शिष्य, आदर्श मित्र ,आदर्श राजा, सब गुण श्रीराम के भीतर थे उनका एक भी गुण आपके भीतर आ जाए तो समझना अपने रामायण पूरी पढ़ ली lराम अवतार का लक्ष्य असुर संहार, धर्म स्थापना तो था ही साथ ही साथ वह अपने मर्यादित आदर्श चरित्र द्वारा मानवीय मूल्यों को स्थापित करना चाहते थेl वस्तुतः राम जीने की कला सिखाने आए थे ,गुरु के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति, मात पिता के प्रति भक्ति , भातृत्व प्रेम, संकट के समय धैर्य ,अपने सेवकों के प्रति बिना किसी भेद के अनुरक्ति, किसी शासक के रूप में प्रजा का पुत्र पालन, न्याय में सदैव अग्रणी ,मानवीय गुणों से परिपूर्ण राम का उदात्त चरित्र अत्यंत अनुकरणीय एवं प्रेरणास्पद है l वस्तुतः राम के चरित्र का वर्णन करना किसी मनुष्य के सामर्थ्य के बाहर हैl रामचरित्र दिव्य ,अलौकिक है ,अनुपम है मनुष्य तो क्या देवता भी उनके चरित्र के रहस्य को समझ नहीं पाते हैं lभारतीय एवं संस्कृति का ऐसा साक्षात सर्वोत्तम मूर्त रूप “ना भूतो ना भविष्यति “अर्थात ना हुआ है ना होगाl

