दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार, 5 अप्रैल : समर्थगुरु धारा संघ, हिसार द्वारा एमजी क्लब स्थित ध्यान साधना केंद्र में आयोजित संडे मेडिटेशन कार्यक्रम का संचालन करते हुए आचार्या मां साक्षी ने लीला ध्यान करवाया। उन्होंने साधकों को बताया कि लीला ध्यान अद्वैत, प्रेम, सहजता और सृजनात्मकता का ध्यान मार्ग है। “लीला” का अर्थ है ईश्वर का खेल – ऐसी अवस्था जहां जीवन के हर अनुभव को बोझ नहीं, बल्कि आनंद, सीख और जागरुकता के अवसर के रुप में देखा जाता है। कार्यक्रम में अनेक साधक शामिल हुए और शांत, दिव्य वातावरण में ध्यान साधना का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में आचार्या मां साक्षी ने ध्यान की मूल भावना, मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा के विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने बताया कि यह सत्र उनके जीवन में सकारात्मकता और मानसिक स्थिरता लाने वाला रहा। समर्थगुरु धारा संघ द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरुकता एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, मानवीय मूल्यों और आध्यात्मिकता का प्रसार करना है।
आचार्या ने बताया कि ध्यान के प्रकार और तकनीकें विभिन्न हो सकती हैं और यह आध्यात्मिक गुरु या आध्यात्मिक शिक्षक के मार्गदर्शन में किया जाता है।
ज्ञात हो कि प्रत्येक रविवार सुबह 7 से 9 बजे समर्थगुरु धारा संघ हिसार अपने साधना केंद्र मिर्जापुर चौक, एमजी क्लब में ध्यान के कार्यक्रम का आयोजन करता है, जोकि सभी के लिए नि:शुल्क होता है और प्रशिक्षित आचार्य ही वो ध्यान का सेशन लेते हैं। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने समर्थ गुरु के आशीर्वचन सुने।

एमजी क्लब में साधना करने पहुंचे साधक।
