
डीपी वर्मा
दक्ष दर्पण।
चण्डीगढ़।
पिछले विधानसभा चुनाव में बेशक इंडियन नेशनल लोकदल के मात्र दो विधायक जीतकर आए हैं लेकिन उसके नेताओं के हौसले 37 विधायक लेकर आई कांग्रेस से भी ज्यादा बुलंद है। इंडियन नेशनल लोक दल को इस बात का दंश जरूर है कि उनके नेता अभय सिंह चौटाला चुनाव नहीं जीत पाए और उनके विधानसभा में न होने की कमी हरियाणा की जनता को भी खल रही है लेकिन पिछली विधानसभा में जहां अभय सिंह चौटाला इंडियन नेशनल लोकदल के अकेले विधायक थे अब उनकी संख्या दोगुनी तो हुई ही है । यह बात भी महत्वपूर्ण है कि राजनीति में उनकी सबसे नजदीकी विरोधी और प्रतिद्वंद्वी जननायक जनता पार्टी का सुपड़ा साफ हो गया है। देखा जाए तो यह भी इंडियन नेशनल लोकदल के लिए एक सुखद अनुभूति हो सकती है। वह इसलिए कि अभय सिंह चौटाला जैसा मान कर चल रहे थे वह जैसे दावे कर रहे थे वही बातें सामने आई भी हैं। यहां एक बात बहुत महत्वपूर्ण है वह यह है कि इंडियन नेशनल लोकदल के जो दो विधायक (अर्जुन सिंह चौटाला रनिया और आदित्य देवीलाल डबवाली) जीत कर आए हैं दोनों अपने फन के माहिर हैं। दोनों की राजनीतिक सोच और वैचारिक प्रस्तुति प्रभावपूर्ण है। इन दोनों की परफॉर्मेंस और उत्साह गजब का है। भविष्य में दोनों कुछ ना कुछ बड़ा करने की स्थिति में नजर आ रहे हैं। चाचा भतीजे की इस जोड़ी ने मौजूदा विधानसभा सत्र में शानदार तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज करने का काम किया है।

यह बात पूरा हरियाणा महसूस कर रहा है कि भारतीय जनता पार्टी भी अपनी रणनीतिक योजना के तहत कांग्रेस को कमजोर करने के लिए ही सही, इंडियन नेशनल लोकदल के प्रति एक खास सहानुभूति इसलिए रख सकती है कि जाट मतदाताओं में इंडियन नेशनल लोकदल का पहले जैसा प्रभाव बना तो इससे भाजपा को भविष्य में लाभ हो सकता है।
जानकार ऐसा मान कर चल रहे हैं कि अभय सिंह चौटाला अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए सबसे पहले अपने संगठन को मजबूत करेंगे और उनकी उनका फोकस जेजेपी और कांग्रेस दोनों पर रहेगा। अभय सिंह चौटाला कांग्रेस की अंदरुनी राजनीति, उठा पटक और कमजोरियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं और फिर से मेहनत करने का उनका जज्बा निश्चित और पर जिंदा है। अभय सिंह चौटाला विधानसभा से बाहर रहकर भी हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आ सकते हैं और कुछ बड़ा करने में सफल हो सकते हैं। इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि इंडियन नेशनल लोकदल का कलेवर जल्दी ही बदलने वाला है। विधानसभा के मौजूदा सत्र के बाद इंडियन नेशनल लोकदल के समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। 1 सप्ताह बाद 6 अप्रैल को स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि की अवसर पर समर्थकों का जोश और उत्साह निश्चित तौर पर देखने को मिलेगा। शायद इसके लिए पार्टी तैयारी में भी है। जानकार अब यह कहते देखें जाने लगे हैं कि जल्दी ही अभयसिंह चौटाला अपने कार्यकर्ताओं को यह कहकर एक ओजस्वी संदेश दे सकते हैं कि…
भँवर से लड़ो तुंद लहरों से उलझो कहाँ तक चलोगे किनारे किनारे …
