
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
हरियाणा की राजनीति की बात करें और उसके नंबर 90 विधानसभा क्षेत्र की गिनती करें तो यह गिनती (नंबर 1) कालका विधानसभा क्षेत्र से शुरू होती है ।कालका को ‘गेटवे आफ हरियाणा’ भी कहा जाता है ।यह कस्बा मां काली के शक्तिपीठ के रूप में भी जाना जाता है ।बड़ी रेलवे लाइन की बात करें तो उत्तर रेलवे और अंबाला डिवीजन का आखिरी रेलवे स्टेशन भी कालका ही है। कालका से पहली एक्सप्रेस ट्रेन, जिसे अब नेताजी एक्सप्रेस के नाम से जाना जाता है, 1 जनवरी 1866 को तत्कालीन ईस्ट इंडियन रेलवे मेल के रूप में हावड़ा और दिल्ली के बीच शुरू हुई थी। अंग्रेजी शासन के समय भी कालका की अपनी गरिमा और महत्व खास रहे हैं।
शिवालिक की फुट हिल्स में स्थित कालका हरियाणा का ही नहीं देश का वह क्षेत्र है जहां ऑक्सीजन की उपलब्धता देश में सबसे ज्यादा मानी जाती है।
इसके बावजूद इस क्षेत्र में पिछड़ापन इस कदर है कि सरकार को कभी इस क्षेत्र के विकास के लिए विशेष तौर पर शिवालिक विकास बोर्ड बनाना पड़ा था ।अब भी यहां औद्योगिक विस्तार का नितांत अभाव है ।आप अनुमान लगा सकते हैं कि यह क्षेत्र राजनीतिक तौर पर भी उपेक्षित रहा है ।
प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं ,सत्ता में भागीदारी के बावजूद 1977 के बाद कालका विधानसभा क्षेत्र से कोई भी विधायक मंत्री नहीं बना है ।यह सौभाग्य भी उस समय जनता पार्टी के टिकट पर विधायक बने स्वर्गीय सरदार लक्ष्मण सिंह को प्राप्त हुआ था ।जब वह तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के मंत्रिमंडल में जन स्वास्थ्य मंत्री बने थे। वह 1982 तक मंत्री रहे लेकिन उसके बाद कालका के किसी विधायक को मंत्री बनने का अवसर नहीं मिला है।
मतलब उसके बाद की किसी भी सरकार ने मंत्रिमंडल में कालका को प्रतिनिधित्व नहीं दिया।
पिछले चुनाव में जब दिग्गज राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली श्रीमती शक्ति रानी शर्मा भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर कालका से विधायक बनी जो यह चर्चा शुरू हुई थी कि अब न केवल कालका को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलेगा बल्कि उन्हें उपमुख्यमंत्री के रूप में भी सुशोभित किया जाएगा परंतु कालका को मंत्रिमंडल में स्थान ही नहीं मिला।
सब जानते हैं की शक्ति रानी शर्मा के पुत्र कार्तिकेय शर्मा हरियाणा से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। देखा जाए तो दोनों कालका हल्के को विशेष तौर पर समय और योगदान दे रहे हैं परंतु विधायक श्रीमती शर्मा को भी मंत्री नहीं बनाया गया है। यदि भाजपा और परिवारवाद की बात करें तो गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत सिंह जहां मोदी सरकार में मंत्री हैं वहीं उनकी बेटी आरती राव हरियाणा में मंत्रिमंडल की सदस्य हैं। ऐसे ही किरण चौधरी राज्यसभा में भाजपा की सांसद हैं तो उनकी बेटी श्रुति चौधरी हरियाणा मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री हैं। ऐसे में कालका विधानसभा क्षेत्र ही नहीं पूरे पंचकूला जिले के लोगों को यह अपेक्षा थी कि हरियाणा की अघोषित राजधानी पंचकूला क्षेत्र से मंत्री जरूर बनेगा। जहां तक पंचकूला का सवाल है वहां भारतीय जनता पार्टी को इस बार अपना विधायक बनाने का मौका नहीं मिला लेकिन कालका जहां से शक्ति रानी ने शानदार जीत हासिल की थी को मंत्रिमंडल में लिया जाना चाहिए था। इस क्षेत्र के विकास के लिए ऐसा करना बहुत जरूरी है। इस समय कालका पंचकूला क्षेत्र में चहुमुखी विकास की सख्त जरूरत है ।
उसी को देखते हुए लोग अब भी यह आस लगाए बैठे हैं कि निकट भविष्य में जब भी मंत्रिमंडल में फेर बदल होगा उनके प्रतिनिधि के तौर पर शक्ति रानी शर्मा को हरियाणा मंत्रिमंडल में जरूर शामिल किया जाएगा।
