
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार/ हांसी , अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अवैध अप्रवासियों पर कार्रवाई के तहत 104 भारतीय नागरिकों को लेकर अमेरिकी वायुसेना का एक विमान 5 फरवरी को अमृतसर के श्री गुरु रविदास अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया, जिसमें पंजाब के 30, हरियाणा-गुजरात के 33-33 व्यक्ति शामिल थे। अमेरिका से निर्वासित किए गए इन भारतीयों के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया। इस पर केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौन बने हुए हैं। जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बात कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री गायत्री देवी ने एक बयान जारी कर कही। बयान में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इन कथित अवैध निर्वासित भारतीयों को बेड़ियों में बांधकर, हाथों में हथकड़ियां तथा चेहरों को मास्क से ढ़का हुआ दिखाया जा रहा है। यह अत्यंत निंदनीय कार्रवाई है। इस मामले को संसद में विपक्षी के नेता राहुल गांधी सहित अन्य दलों द्वारा उठाया गया है लेकिन सरकार खुले तौर पर इसको लेकर कुछ भी कहने से परहेज कर रही है, जो सरकार की बेशर्मी को उजागर करता है। गायत्री देवी ने कहा कि यह सब तब हो रहा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वर्षों से गहरी दोस्ती है। उन्होंने कहा कि सूत्रों के अनुसार पता चला है कि अमेरिका जल्द ही 487 और अवैध अप्रवासी भारतीयों को भारत भेजने के लिए सूची बना चुका है, केन्द्रीय सरकार को इस मामले में संज्ञान लेकर अमेरिका पर दबाव बना कर भारत वासियों के सम्मान की रक्षा करनी चाहिए ।
