
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली । तारीख तय हो गई, समय फाइनल हो गया, जगह भी बता दी गई ,लेकिन कौन बनेगा मुख्यमंत्री यह सवाल अब भी कोई समझ नहीं पा रहा है। लोग कहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री की बनने के आसार ज्यादा हैं। यदि यह बात सच है तो उनका नाम लेने में दिक्कत क्या है ।कहीं ऐसा तो नहीं कि भारतीय जनता पार्टी को महाराष्ट्र में भी किसी नायब सैनी की तलाश है ।नायब सैनी का मतलब कहीं भारतीय जनता पार्टी ब्राह्मण देवेंद्र फडणवीस की जगह किसी ओबीसी चेहरे को तो मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती। भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा काम ब्राह्मण को मुख्यमंत्री बनकर राजस्थान में किया, यादव को मुख्यमंत्री बनकर मध्य प्रदेश में किया इसी तरह योगी आदित्यनाथ एक राजपूत को उत्तर प्रदेश में उस समय मुख्यमंत्री बनाया जब और कई लोग दौड़ में थे ,चर्चा में थे। जिनके नाम फाइनल माने जा रहे थे।
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दो महत्वपूर्ण बातें कही है ।एक यह की मुख्यमंत्री भाजपा का होगा ।दो यह की मुख्यमंत्री के नाम का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। अंदरूनी खबर यह है कि शिंदे के समर्पण और उनके समय में किए गए विकास कार्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह प्रभावित है और शायद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि शिंदे देवेंद्र फडणवीस के पक्ष में नहीं है। पहले यह कहां गया था कि 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री के नाम का फैसला हो जाएगा लेकिन 2 तारीख भी बीत चुकी है और 2 दिन बाद मंत्रिमंडल का गठन होना है ।यदि देवेंद्र फडणवीस को ही मुख्यमंत्री बनना है तो इसकी घोषणा करने में क्या दिक्कत है। बताया यह जा रहा है कि महाराष्ट्र में भी भारतीय जनता पार्टी फूक फूक कर कदम रख रही है और उसकी नजर दो महीने बाद दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी है ।इस चुनाव को भारतीय जनता पार्टी एक चुनौती के रूप में देख रही है ।ऐसे में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री चुनने का मामला भी प्रभावित हो सकता है ।भारतीय जनता पार्टी को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जैसे स्वभाव आचार व्यवहार और समाज विशेष्य से ताल्लुक रखने वाले नेता की तलाश हो सकती है। मुख्यमंत्री के चयन में इस तरह देरी होना सामान्य घटना नहीं है ।इसके पीछे कोई बड़ा कारण हो सकता है और कारण यही लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के दोनों बड़े नेता कोई बड़ा और खास फैसला ले सकते हैं। महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकूले ने इस बात का ऐलान किया है कि मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को 5:00 बजे आजाद मैदान में होना है ।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 1999 के चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री के चुनाव में एक महीना लग गया था ।इसलिए देरी होना कोई बड़ी बात नहीं है। शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले सारी चीज तय कर ली जाएगी। अब देखना यह है कि भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री के रूप में किसके सिर पर सेहरा बांधने का फैसला करेगी।
