
@ daksh darpan
नई दिल्ली।
पुराने गहरे कुएं हो या इसी तरह के टैंक,किसी काम के लिए इन में नीचे उतरने वाले लोग यह भूल जाते हैं कि इनकी तलहटी में जहरीली गैस का समावेश होता है और व्यक्ति को इसका एहसास तब होता है जब उसका दाम घुटनें लगता है । ऐसे में जब तक उसे राहत मिलती है, उसके प्राण पखेरू उड़ जाते हैं। कई बार सिवेज में सफाई के दौरान इसी तरह सफाई कर्मियों की मौत हो जाती है। नियम यह है कि इतनी गहराई में बिना एतिहाद और प्रबंधन के जाना खतरनाक होता है। इसलिए सावधानी बहुत जरूरी होती है।
इसी तरह की एक वारदात बिहार के भागलपुर में उस समय हुई जब एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। 15 मिनट के अंदर एक-एक करके तीन लोग मौत की आगोश में चले गए इनमें पति-पत्नी और पति का साडू शामिल है। यह घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोदीनगर इलाके की बताई गई है। पता चला है कि शौचालय में पाइप लगाने के दौरान एक औजार टंकी में गिर गया, जिसे निकालने के दौरान यह हादसा हुआ। पड़ोस के लोगों ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
इस सनसनीखेज दुर्घटना में सबसे पहले शौचालय की टंकी में उतरे पुनीत यादव की दम घुटने से मौत हो गई। उसके बाद उसकी पत्नी उसे बचाने के लिए टंकी में घुसी और उसकी भी मौत हो गई।
इसके बाद पुनीत के साढ़ू ने दोनों को बाहर निकालने के लिए टंकी में प्रवेश किया तो उसकी भी मौत हो गई। इस तरह से एक-एक करके तीनों मौत के शिकार हो गए। इस दुर्घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आसपास के लोग मृतकों के परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
मृतकों की पहचान पुनीत यादव 35 वर्ष, उसकी पत्नी शाखो देवी 33 वर्षऔर उनका साढ़ू दीनानाथ यादव 45 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मौजूदा लोगों की मदद से सभी को टंकी से बाहर निकाला, तो पता चला कि सभी की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच में जुट गई है। उधर, इस घटना के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की टीम भी घटना स्थाल पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
