
दक्ष दर्पण समाचार सेवा।
नई दिल्ली; उत्तर रेलवे ने फरीदाबाद और पलवल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने हेतु फुटओवर ब्रिज बनाने का फैसला लिया है। इस योजना पर पलवल स्टेशन पर काम भी शुरू हो चुका है जबकि न्यू टाउन और बल्लभगढ़ स्टेशनों पर काम शुरू होना अभी बाकी है। बताया गया है कि 60 के दशक में फरीदाबाद के इंडस्ट्रियल टाउन के रूप में विकसित होने के समय फरीदाबाद खंड के रेलवे स्टेशनों पर फुटओवर ब्रिज बनाए गए थे। उस समय आबादी तो कम थी ही ,लोकल व एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या भी कम हुआ करती थी। लेकिन अब आबादी बढ़ने के साथ-साथ ये फुटओवर ब्रिज भी छोटे पड़ते चले गए ।अब और ब्रिज बनाने की जरूरत आ पडी है।इस समय इस क्षेत्र में 12 से अधिक लोकल ट्रेनों का आना-जाना है, जबकि तीन दर्जन से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुकती हैं। जाहिर है कि यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। यही कारण है कि यहां नये फुटओवर ब्रिज की जरूरत आन पड़ी। यही कारण है कि उत्तर रेलवे ने शहर के स्टेशनों के लिए चार नए पुल मंजूर किए हैं। इन पुलों के निर्माण पर लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च किये जाने का अनुमान है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पलवल रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण का काम शुरू हो चुका है। बाकी स्टेशनों पर भी काम जल्दी शुरू होगा।
