
डीपी वर्मा
डीडी न्यूज नेटवर्क पंचकूला।
जब भी हरियाणा विधानसभा चुनाव की चर्चा होती है तो सबसे पहले कालका का जिक्र होता है। इसी हल्के से हरियाणा के विधानसभा क्षेत्र की गिनती शुरू होती है लिखा जाता है कालका (1)। कालका को गेट वे आफ हरियाणा भी कहा जाता है।
गुर्जर और ब्राह्मण बाहुल्य इस विधानसभा क्षेत्र में निर्णायक तो सिख और पिछड़े वर्ग के मतदाता भी हैं परंतु यहां एक जट सिक्ख एक बिश्नोई एक पंजाबी तथा शेष विधायक गुर्जर या ब्राह्मण बनते आए हैं। जट सिक्ख के नाम पर स्वर्गीय सरदार लछमन सिंह जहां कांग्रेस की टिकट पर जीते वहीं वे निर्दलीय विधायक भी रहे ।हरियाणा में मंत्री और राज्यसभा के सदस्य भी बने। सरदार लछमन सिंह राजनीतिक सोच के मजबूत नेता माने जाते थे। उनके पुत्र भगत सिंह उर्फ भाग सिंह ने 2009 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा लेकिन सफल नहीं हो पाए। अब वह राजनीति से किनारा कर चुके हैं। यह अलग बात है कि उनकी पत्नी रूबी सिंह सिंह भारतीय जनता पार्टी में रही लेकिन कुछ समय पहले उनका अचानक निधन हो गया।
कालका से बाहरी उम्मीदवार के रूप में दो लोगों को विधायक बनने का मौका मिला एक थे पुरुष भान जिनका ताल्लुक फरीदाबाद जिले से था। गुर्जर समुदाय से संबंधित श्री पुरुष भान बहुत लोकप्रिय नेता थे परंतु विधायक रहते 1993 में उनका निधन हुआ तो उनकी जगह चंद्र मोहन को उप चुनाव के रूप में कालका से पहला चुनाव लड़ने का अवसर मिला। वह लगातार चार चुनाव जीते ।आखरी बार 2005 में जीते उसके बाद कहीं से भी विधायक नहीं बन पाए हैं।

प्रदीप चौधरी विधायक (कांग्रेस)
इस बार कालका में एक खास बात यह देखी जा रही है कि यहां तीनों राष्ट्रीय राजनीतिक दलो का रुझान गुर्जर उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का नजर आ रहा है ।

ओम प्रकाश देवी नगर
(भारतीय जनता पार्टी)
कांग्रेस के सिटिंग एमएलए प्रदीप चौधरी के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी गुर्जरों को प्रतिनिधित्व देने के नाम पर प्रदीप चौधरी के चचेरे भाई भाजपा के नेता शिवालिक विकास बोर्ड के वॉइस चेयरमैन ओमप्रकाश देवी नगर को चुनाव मैदान में उतर सकती है। पिछले कई दिनों से यहां यह चर्चा आम है। भारतीय जनता पार्टी के थिंक टैंक का मानना है कि अंबाला लोकसभा क्षेत्र में जहां पहले भारतीय जनता पार्टी एक गुर्जर उम्मीदवार के रूप में जगाधरी से कंवरपाल गुर्जर को टिकट देती आ रहे हैं वहीं जरूरत कम से कम दो गुर्जर उम्मीदवारों को टिकट देने की है। ऐसे में कालका को उपयुक्त हल्का माना जा रहा है। पार्टी गुर्जर को टिकट देने की योजना पर काम कर रही है। इसका एक प्रमाण यह भी है कि पिछले दिनों कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर के सगे भतीजे हरीश चौधरी भी यहां सक्रिय नजर आए। उन्होंने तिरंगा यात्रा के संदर्भ में फ्लेक्स बोर्ड लगाकर लोगों को यह जानने को मजबूर कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी का यह हरीश है कौन? पता चला कि वह गुर्जर होने के नाते कालका से चुनाव लड़ने की योजना पर भाग्य आजमाने की कोशिश कर रहा है।

ओम प्रकाश गुज्जर आम आदमी पार्टी
एक महत्वपूर्ण बात यह है कि आम आदमी पार्टी ने भी यह संकेत देने शुरू कर दिए हैं कि उनका कालका का उम्मीदवार गुर्जर हो सकता है और वह कोई और नहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश गुर्जर है। उन्होंने पिंजौर में अपना कार्यालय खोलकर युद्ध स्तर पर जन संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। यद्यपि अभी आम आदमी पार्टी की कोई सूची नहीं आई है लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि ओमप्रकाश गुर्जर को चुनाव के लिए तैयार रहने को कह दिया गया है। पार्टी में भी यह संदेश चला गया है कि उनका उम्मीदवार भी गुर्जर होगा।

गोपाल चौधरी (निर्दलीय)
गुर्जर के रूप में जहां तीन लोग तीन प्रमुख दलों के उम्मीदवार हो सकते हैं वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सूखो माजरी गांव से गुर्जर उम्मीदवार गोपाल चौधरी भी जोर आजमाइश करने मैदान में आ गए हैं। उन्होंने चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने का संकेत दिया है। गोपाल चौधरी का टीम वर्क कॉन्फिडेंस और जज्बा यहां चुनाव के आरंभिक दौर में ही चर्चा का विषय बना हुआ हैं। इसके अलावा भी कालका से कई और गुर्जर उम्मीदवार मैदान में आने वाले हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव में कालका में ब्राह्मण, सिक्ख, और पिछड़े वर्गों के मतदाता निर्णायक स्थिति में है। इसलिए माना जा रहा है कि जिस गुर्जर उम्मीदवार को कस्बो और शहरों में अपेक्षाकृत ज्यादा समर्थन मिलेगा उसी की चुनाव में बढ़ता आसान हो जाएगी। इस मामले में भी तीनों राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है। यद्यपि कालका में भारतीय जनता पार्टी की नेता पूर्व विधायक लतिका शर्मा के समर्थक इस बात का दावा कर रहे हैं कि एक बार फिर टिकट लतिका शर्मा को ही मिलेगी वहीं पार्टी के ही बहुत लोग इस संभावना को सिरे से नकार रहे हैं। अंत में यह कहा जा सकता है कि मौजूदा चुनाव में कालका में गुर्जर मतदाताओं को कोई खास और ठोस विचार करके वोट डालने का फैसला करना होगा। चुनाव में यही रुझान निर्णायक भी रहेगा ऐसा माना जा रहा है।
कल का विधानसभा क्षेत्र के बारे में।
कुल मतदाता
200536
बूथ 215
सामान्य मतदाता 92009 (47.4प्रतिशत)
ब्राह्मण (15.26% राजपूत (11.4%)
जट सिक्ख (5.6%) महाजन (5%)
मुस्लिम (4.5%)
पंजाबी (3.3%)
ओबीसी 56665
(29.5% )
गुर्जर 12 .32%
सैनी 3.1%
बंजारा 1.84% धीमान 1.57%
झीमर 1.45 %
सुनार 1.38 %
नाई 1.2%
अनुसूचित जाति
43411
22.6%
वाल्मीकि 5.82% रविदासी 4.53% रामदासिया 4.35% कोड़ी 2.51%
जुलाहा 2.32%

