
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका 23 अगस्त 2024।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व चेयरमैन विजय बंसल एडवोकेट की मेहनत रंग लाई माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशानुसार सीटीयू चंडीगढ़ और हरियाणा रोडवेज ने कालका से पीजीआई चंडीगढ़ तक सीधी बस सर्विस आरंभ कर दी है। लंबे अरसे से कालका वासियों की मांग थी की कालका से पीजीआई चंडीगढ़ तक सीधी बस सर्विस आरंभ हो और विजय बंसल कालका से चंडीगढ़ पीजीआई तक सीधी बस सर्विस आरंभ करवाने के लिए संघर्ष करते आ रहे थे।
बस सर्विस आरंभ होने पर पिंजौर और कालका के निवासियों ने विजय बंसल के कार्यालय पहुंचकर उनका आभार प्रकट किया और लोगों ने कहा कि विजय बंसल ने बिना किसी सरकारी पद पर रहते हुए किसी विधायक से अधिक विकास कार्य कालका क्षेत्र वासियों के लिए करवाए हैं। विजय बंसल ने कालका निवासियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान करवाया है चाहे वह अधिकारियों मंत्रियों, मुख्यमंत्री और अदालत के माध्यम से आदेश पारित करवाने की बात ही क्यों ना हो।
पीजीआई चंडीगढ़ से कालका तक सीधी बस सर्विस आरंभ करने के बाद चंडीगढ़ प्रशासक ट्रांसपोर्ट निदेशक ने आदेश पारित करते हुए सीटीयू द्वारा चलाई जा रही बसों की पूरी सूची की जानकारी देते हुए विजय बंसल को बस चलाये जाने की जानकारी का एक पत्र भी भेजा है।
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट निदेशक ने विजय बंसल को भेजे पत्र में लिखा है कि माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए निम्नलिखित निर्देश पारित किए गए हैं “याचिकाकर्ता (विजय बंसल) को निर्देश दिया जाता है कि वह 15 दिनों की अवधि के भीतर हरियाणा राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ और अन्य संबंधित प्राधिकारियों के समक्ष एक नया व्यापक अभ्यावेदन प्रस्तुत करे यदि प्रस्तुत किया जाता है तो संबंधित प्राधिकारियों द्वारा 4 सप्ताह की अवधि के भीतर एक स्पीकिंग ऑर्डर पारित करके विचार किया जाएगा और उसके बाद याचिकाकर्ता को सूचित किया जाएगा।
विजय बंसल ने दिनांक 15 दिनों की अवधि के भीतर एक ज्ञापन 26-07-2024 को भेजा था जिसमें भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत गारंटीकृत स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, नौकरियों आदि तक बेहतर पहुंच के लिए स्टैंड कालका जिला पंचकूला से पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई) चंडीगढ़ मध्य मार्ग, सेक्टर 12 चंडीगढ़ तक बस सेवा शुरू करने के लिए 4 सप्ताह के भीतर फैसला करने और माननीय पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा जनहित याचिका (पी.आई.एल.) यानी सीडब्ल्यूपी-पीआईएल-141-2024 जिसका शीर्षक “विजय बंसल बनाम हरियाणा राज्य और अन्य” है में पारित आदेश दिनांक 19.7.2024 के अनुरूप बोलने का आदेश पारित करने के लिए कहा गया है।
ट्रांसपोर्ट निदेशक ने पत्र में यह भी जानकारी दी है कि चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट द्वारा शिमला, कालका, पिंजौर, बरवाला, पंचकूला से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए, परिवहन विभाग, यूटी चंडीगढ़ निम्नलिखित विवरण के अनुसार 10-15 मिनट की अंतराल के साथ पर्याप्त स्थानीय बस सेवाएं पहले से ही चला रहा है।
विजय बंसल ने विगत 16 अप्रैल 2022 को हरियाणा रोडवेज हरियाणा सरकार और उच्च अधिकारियों को कालका से चंडीगढ़ पीजीआई तक सीधी बस सेवा आरंभ करने का ज्ञापन भेजा था लेकिन उसे पर कोई कार्यवाही नहीं हुई तो विजय बंसल एडवोकेट ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी।
विजय बंसल ने बताया कि यह बस सर्विस आरंभ होने से न केवल कालका पिंजौर बल्कि दून, रायतन, चंडी मंदिर पंचकूला तक के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पीजीआई चंडीगढ़, सेक्टर 16 जनरल हॉस्पिटल चंडीगढ़ जाने वाले मरीजो उनके परिजनों, साथ ही पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेज जाने वाली छात्राओं, छात्रों को इसका लाभ मिलेगा वहीं चंडीगढ़ जाने वाले सरकारी और प्राइवेट कर्मचारियो सहित व्यापारियों को भी लाभ होगा। इससे दैनिक यात्रियों का समय और पैसे की बचत होगी। जबकि इससे पूर्व लोगों को ऑटो रिक्शा या अन्य वाहनों के माध्यम से पहले मनी माजरा या चंडीगढ़ तक पहुंचना पड़ता था उसके बाद आगे के लिए लोकल बस या ऑटो या टैक्सी आदि लेनी पड़ती थी। लेकिन अब इन सब झंझटो से दैनिक यात्रियों को छुटकारा मिलेगा। इससे पूर्व कालका से पीजीआई तक बस सर्विस आरंभ करने को लेकर हरियाणा रोडवेज और सीटीयू चंडीगढ़ प्रशासन के बीच कोई विवाद था जिस कारण यह बस आरंभ नहीं हो पाई थी लेकिन हाई कोर्ट के निर्देशानुसार सारा विवाद अब खत्म हो चुका है।
विजय बंसल ने बताया कि उन्होंने कालका से जीरकपुर तक सीधी बस सर्विस आरंभ करने को लेकर उन्होंने हरियाणा रोडवेज विभाग अधिकारियों को लिखा था जिस पर अधिकारियों ने कालका से जीरकपुर तक भी सीधी बस सर्विस आरंभ करने पर सहमति जताई है।
