
डीडी न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़।
बताया जा रहा है कि हरियाणा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और राई के विधायक मोहनलाल बडोली ने चुनाव आयोग को एक पत्र लिखकर मतदान की तारीख बदलने का अनुरोध किया है ।उनकी चिंता यह है कि यदि 1 अक्टूबर को मतदान होता है तो इससे मतदान पर असर पड़ेगा और कम मतदान हुआ तो इसका नुकसान भारतीय जनता पार्टी को होगा। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा के चुनाव में कम वोटिंग परसेंटेज के कारण नुकसान झेल चुकी है ।श्री बडोली ने अपनी चिट्ठी में चुनाव आयोग को अपनी चिंता से अवगत कराते हुए बताया है कि प्रदेश में 1 अक्टूबर को मतदान होना है इससे पहले वीकेंड के कारण 2 दिन का अवकाश है ।मतदान के अगले दिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी है ।ऐसे में तीन-चार छुट्टियां एक साथ होने का लाभ उठाते हुए लोग घूमने सैर सपाटे पर कहीं बाहर जा सकते हैं। इससे निश्चित तौर पर मतदान प्रभावित होगा ।एक कारण यह भी बताया गया है कि इन्हीं दिनों में अग्रसेन जयंती भी है और बिश्नोई समाज के लोग भी एक उत्सव मनाते हैं ।इन सब कारणो को इंगित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने जो पत्र भेजा है उस पर चुनाव आयोग कुछ फेर बदल करता है या नहीं अभी कहना मुश्किल है।
