
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
नई दिल्ली
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय भगवत दयाल शर्मा भाग्य के धनी नेता थे। उन्होंने 1962 में पहली बार झज्जर से विधानसभा का चुनाव लडा और उस समय के दिग्गज नेता स्वर्गीय प्रोफेसर शेर सिंह को हराने में कामयाब हुए। भगवत दयाल शर्मा की चुनावी राजनीति में कोई रुचि भी नहीं थी। उन्हें एक विशेष मकसद से तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू से सिफारिश कराकर विधानसभा का चुनाव लड़ने को तैयार किया था। उस समय भगवत दयाल शर्मा कांग्रेस के एक संगठन इंटक के लिए काम करते थे। श्री शर्मा ने चुनाव लडा और जीत भी गए। श्री कैरो ने पहली बार विधायक बने भगवत दयाल शर्मा को अपने मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया और भगवत दयाल शर्मा मंत्री बन गए।इसी कार्यकाल में वह पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चुने गए। हरियाणा के दो ही नेता ऐसे हैं जो संयुक्त पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चुने गए थे। एक से पंडित भगवत दयाल शर्मा तो दूसरे चौधरी देवीलाल।।
जब 1966 में हरियाणा बना तो पंडित भगवत दयाल शर्मा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति के पहले निर्वाचित अध्यक्ष बने। फिर हरियाणा के पहले मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। मतलब 1962 में पहली बार विधायक बनना उनके काम आता रहा।फिर 1967 में हरियाणा के पहले चुनाव हुए तो श्री शर्मा यमुनानगर से चुनाव जीत कर आए ।दूसरी बार विधायक बने तो दूसरी बार भी मुख्यमंत्री बने ।राज्यसभा के सदस्य भी रहे ।लोकसभा के सदस्य भी रहे । उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधि किया। भगवत दयाल शर्मा मध्य प्रदेश और उड़ीसा जैसे लोग बड़े राज्यों के राज्यपाल भी रहे।
इसी तरह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल 1968 में पहली बार विधायक बने और सीधे मुख्यमंत्री बने । कहने का अर्थ यह है कि राजनीति में भी भाग्य बहुत निर्णायक रहता है मतलब भाग्य का बड़ा रोल होता है !
यहां हम भाजपा के नेता मनोहर लाल का जिक्र भी कर सकते हैं । 2014 में जीवन में पहला विधानसभा का चुनाव जीतते ही मुख्यमंत्री बने , दूसरा जीतने के बाद फिर मुख्यमंत्री बने ! जीवन का तीसरा और लोकसभा का पहला चुनाव जीतने के बाद मनोहर लाल भारत सरकार में केबिनेट मंत्री बन गए ! हरियाणा की ही बात करें तो छठी बार सांसद बने राव इंद्रजीत को तो राज्य मंत्री बनाया गया है लेकिन पहली बार सांसद बने मनोहर लाल सीधे कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं।
