
दक्ष दर्पण, समाचार सेवा
चण्डीगढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने में निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त जरूर करती है लेकिन जब टिकट देने का सवाल होता है तो अमूमन उनकी उपेक्षा की जाती है । 2019 में भी ऐसा ही हुआ भाजपा ने किसी भी निर्दलीय विधायक को टिकट नहीं दी थी आगे भी आसार कम नजर आ रहे हैं। मौजूदा सरकार में एक निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह को छोड़ दें तो ज्यादातर निर्दलीय विधायक यह महसूस कर रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें केवल यूज किया है उनके हितों की सुरक्षा नहीं की ।दादरी के निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान आरंभ से सरकार के साथ हैं लेकिन किसान आंदोलन में उन्होंने सरकार से समर्थन वापस ले लिया था परंतु उन्हें अपने फैसले पर बाद में पुनर्विचार करना पड़ा और सरकार का फिर साथ दिया लेकिन उन्हें ही नहीं कई और निर्दलीय विधायकों को अब यह पछतावा हो रहा है कि भाजपा ने अपना मतलब निकाला और उनकी और उनके हलकों की अपेक्षाओं को नजरअंदाज करके राजनीति की है। श्री सांगवान ने अभी एक बयान में कहा कि उन सहित चार निर्दलीय विधायकों ने भाजपा का साथ छोड़ने का ऐलान कर दिया है और वह चारों मौजूदा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का समर्थन करेंगे और उनके उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने को भी तैयार रहेंगे ।उन्होंने बताया कि आज इस बात की घोषणा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जानी है ।तीन अन्य निर्दलीय विधायक कौन-कौन हैं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
