
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा।
चंडीगढ़।
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत से लोकसभा का चुनाव लड़ा परंतु हार का मुंह देखना पड़ा। इस चुनाव में हकीकत जानने पर कांग्रेस को यह पता चला कि उसकी हार जींद जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों और सोनीपत विधानसभा क्षेत्रों में हुई है। कांग्रेस का यह आकलन भी है कि उस चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार को दलित मतदाताओं ने भी निर्णायक समर्थन नहीं किया लेकिन उन गलतियों को सुधारते हुए कांग्रेस ने नया परीक्षण किया और जींद जिले के सफीदों हलके के गांव में जन्मे हरिद्वार के कांग्रेस के नेता सतपाल ब्रह्मचारी को इस योजना के साथ मैदान में उतार दिया कि पार्टी को जींद के तीन विधानसभा क्षेत्रो सफीदों जुलाना और जींद के मतदाता अपनेपन की भावना के तहत सपोर्ट करेंगे। दूसरा यह कि गैर जाट उम्मीदवार होने के नाते उन्हें दलित वोट भी पहले से ज्यादा मिलेंगे। ऐसा लगता है कांग्रेस को सोनीपत में भी उदय भान के दलित प्रदेश अध्यक्ष होने का लाभ रविदासी मतदाताओं में इसलिए हो सकता है कि भाजपा के पास क्षेत्र में कोई मजबूत जनाधार वाला दलित नेता नहीं है। यह कमजोर पक्ष सोनीपत में भाजपा और भाजपा उम्मीदवार की चिंताएं बढ़ाने का काम कर सकता है। इससे भाजपा समर्थक चिंतित हैं यदि दलित मतदाताओं का रुझान कांग्रेस की ओर हो गया तो यह भाजपा उम्मीदवार की भी चिंता बढ़ा सकता है। मजे की बात यह है कि इस समय भारतीय जनता पार्टी का सोनीपत का जिला अध्यक्ष भी दलित है। उनसे हकीकत जानने की कोशिश की गई परंतु टेलीफोन पर बात नहीं हो पाई। भाजपा के समर्थक महसूस करते हैं कि पार्टी को अभी से अपनी परिसंपत्ति को संभाल कर रखना चाहिए और सोनीपत जिले में विशेष कर गोहाना क्षेत्र में पार्टी के कुछ बड़े दलित नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी देनी चाहिए। सोनीपत में भाजपा को ब्राह्मण मतदाताओं के विभाजन की आशंका तो है परंतु कई कारणों से उसे जाटों में भी बोट मिलने की आस हैं। लेकिन दलित वोटर खिसक गया तो इसका सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में नुकसान हो सकता है। सोनीपत में भाजपा के प्रत्याशी मोहनलाल बडोली को पार्टी का विशेष सहयोग और समर्थन प्राप्त है ।समझा जाता है कि पार्टी की ओर से उन्हें हर संभव मदद मांग के तुरंत बाद उपलब्ध करा दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री बडोली मुख्यमंत्री और पार्टी के नेताओं को नियमित रूप से चुनाव की स्थिति के बारे में जानकारी दे रहे हैं। वह चुनाव प्रचार के एक चरण को पूरा कर चुके हैं। श्री बडोली के समर्थकों को सोनीपत जिले में राई और खरखोदा विधानसभा क्षेत्रों में विशेष तौर पर लाभ होता दिख रहा है। परंतु उन्हें दलित मतदाताओं के मामले में विशेष तौर पर नजर रखनी होगी। जहां तक पिछड़े वर्ग के मतदाताओं का सवाल है उनका रुख अभी भी भाजपा के प्रति सकारात्मक नजर आ रहा है ।सोनीपत में पार्टी के पास पिछड़ा वर्ग के मजबूत नेता के रूप में सांसद रामचंद्र जांगड़ा मौजूद हैं। श्री जांगड़ा गोहाना से चुनाव लड़ चुके हैं और उनके समर्थक यह महसूस करते हैं कि पार्टी उन्हें अगले चुनाव में भी गोहाना से विधान सभा का चुनाव लड़ा सकती है ऐसे में उनकी सेवाएं भाजपा उम्मीदवार के लिए निर्णायक सिद्ध हो सकती है।
