
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वी दल कांग्रेस की कमजोरी का लाभ उठाने में कभी चूक नहीं की। हरियाणा मे भाजपा के 10 में से 6 उम्मीदवार वह हैं जो कांग्रेस से आए हैं। कांग्रेस की एक कमजोरी यह भी है कि आमतौर पर उसके नेता टिकट बाटने में बहुत देर कर देते हैं। कई बार नामांकन पत्र दाखिल होने के 1 दिन पहले ही टिकटों का फैसला हो पाता है। पिछले दिनों लोगों ने देखा कि बॉक्सर विजेंद्र सिंह कांग्रेस के मथुरा के उम्मीदवार के रूप में प्रयासरत थे परंतु आखिरी क्षणों तक उनके लिए कोई संदेश नहीं आया तो उन्हें कांग्रेस छोड़कर मजबूरन भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना पड़ा। विजेंद्र वह उम्मीदवार है जिनके राहुल गांधी से आत्मीय संबंध रहे हैं।
हरियाणा में सतारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के सभी 10 उम्मीदवार एक महीने से चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं लेकिन हरियाणा में कांग्रेस के सभी नौ उम्मीदवारों के नाम की घोषणा अभी तक नहीं हो पाई है परंतु अब यह सूची कभी भी जारी हो सकती है।
सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस के इस शक्ति परीक्षण में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और एसआरकेबी ग्रुप आमने-सामने हैं। इस मामले में किसका पलड़ा भारी रहेगा यह इस बात पर निर्भर रहेगा कि गुरुग्राम से राज बब्बर को चुनाव लड़ने के लिए कहा जाएगा या उनकी जगह यादव उम्मीदवार के रूप में राव दान सिंह को समायोजित किया जाएगा । हरियाणा में एक यादव उम्मीदवार निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेगा। वह राज बब्बर की जगह गुरुग्राम से भी लड़ाया जा सकता है और भिवानी महेंद्रगढ़ से भी। यह उम्मीदवार कोई और नहीं राव दान सिंह हैं। ऐसा माना जा रहा है कि राव दान सिंह चुनाव जरूर लड़ेंगे। यह तय होना बाकी है कि वह गुरुग्राम से लड़ेंगे या भिवानी महेंद्रगढ़ से।श्रुति चौधरी की जगह उनकी मां किरण चौधरी को चुनाव लड़ने के लिए कहा जा सकता है। रोहतक की बात करें तो दीपेंद्र हुड्डा की जगह उनके परिवार का कोई दूसरा व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है ।इसमें खुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम भी आ रहा है। सूत्र बता रहे हैं कि किरण चौधरी की जगह राव दान सिंह को चुनाव लड़ाया जाता है तो रोहतक से महिला उम्मीदवार के रूप में श्रीमती आशा हुड्डा रोहतक से उम्मीदवार हो सकती हैं। यद्यपि इस बात की संभावनाएं बहुत कम है क्योंकि श्री हुड्डा बहुत पहले यह ऐलान कर चुके हैं कि उनके परिवार से केवल दो व्यक्ति वह खुद और दीपेंद्र हुड्डा के सिवाय कोई तीसरा चुनाव नहीं लड़ेगा। गुरुग्राम से नाम नहीं आया तो राज बब्बर को मुंबई की किसी सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। फरीदाबाद में ज्यादा संभावनाएं महेंद्र प्रताप के चुनाव लड़ने की है परंतु अब भी विकल्प के रूप में करण सिंह दलाल का नाम विचार के लिए रखा गया है । शेष सभी उम्मीदवार लगभग तय हैं अंबाला से वरुण चौधरी (विधायक), सिरसा से कुमारी शैलजा, हिसार से बृजेंद्र सिंह, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी, करनाल से वीरेंद्र राठौर के नाम फाइनल हो चुके हैं। टिकटों के बंटवारे की प्रक्रिया से ऐसा लगता है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा यह साबित करने में सफल हो सकते हैं कि जिस तरह से लोकसभा में उनकी मर्जी के उम्मीदवारों को टिकटें दी गई है उसी तरह विधानसभा चुनाव में भी टिकटों के बंटवारे के समय उनकी ही मर्जी से फैसले होंगे। श्री हुड्डा यदि करण चौधरी या श्रुति चौधरी की ही टिकट कटाने में सफल हो गए तो हरियाणा में उनके प्रतिद्वंदी बैंक फुट पर आ जाएंगे। फिर तो लोग यही कहेंगे कि, दे दाल में पानी ।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने टिकट बंटवारे के समय अपने राजनीतिक कौशल का परिचय कुछ इस तरह से दिया है कि उन्होंने चुनाव में फ़ीसड्डी साबित होते नजर आ रहे अपने दो समर्थको को बहुत चतुराई से टिकट की दौड़ से बाहर कर दिया है। यह है जयप्रकाश जेपी और कुलदीप शर्मा। एसआरकेबी ग्रुप के 4 नेता केवल हिसार और सिरसा में चुनाव प्रचार करते नजर आएं तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं होगा। टिकटो को लेकर कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली में होनी है जिसमें हरियाणा की सभी और पंजाब की बची हुई टिकटों का फैसला होना है।
