धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नई दिल्ली ।
कांग्रेस पार्टी ने संसदीय चुनाव के लिए हरियाणा के अपने उम्मीदवारों की सूची अभी जारी नहीं की है जबकि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी अपना यह काम पूरा कर चुकी है और उसके उम्मीदवार अपने-अपने हल्को में लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी कर चुके हैं। हरियाणा में कांग्रेस उम्मीदवारों की अपनी सूची बनाने में जानबूझकर देरी कर रही है। लगता है उसे जेजेपी और आईएनएलडी के उम्मीदवारों की सूची भी देखनी है।
हरियाणा की 10 सीटों में से एक सोनीपत कई मामलों में खास है। बेशक सोनीपत एक जाट बाहुल्य लोकसभा क्षेत्र है लेकिन इसे भारतीय जनता पार्टी के गढ़ के रूप में देखा जाता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ लगते इस लोकसभा क्षेत्र से देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल भी सांसद रहे हैं। उन्होंने यहां तीन चुनाव लड़े।हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी सोनीपत से चुनाव लड़ चुके हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह ने भी सोनीपत से चुनाव लड़ने में रुचि दिखाई थी ।ऐसे ही 1989 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय वीपी सिंह ने भी सोनीपत से चुनाव लड़ने की तैयारी पकड़ ली थी लेकिन अंतिम क्षणों में यह कोशिश सिरे नहीं चढ़ पाई थी। सोनीपत से भारतीय जनता पार्टी ने राई के अपने विधायक और पार्टी की प्रदेश इकाई के महामंत्री मोहनलाल बडोली को मैदान में उतार दिया है। वह अपने चुनाव प्रचार में टूटे हुए हैं लेकिन सोनीपत से कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा यह जानने के लिए सोनीपत की नहीं पूरे प्रदेश के लोग उत्सुक हैं। यहां एक बात यह नजर आ रही है कि पार्टी के कुछ नेता यह चाहते हैं कि सोनीपत से कोई ब्राह्मण उम्मीदवार चुनाव लड़े ब्राह्मण नहीं तो कोई गैर जाट चुनाव लड़े जाट को चुनाव लड़ाने की संभावनाएं बहुत कम नजर आ रही है। कांग्रेस के पास सोनीपत से दो बार सांसद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके धर्मपाल सिंह मलिक जैसे उम्मीदवार भी हैं बेशक उनकी उम्र ज्यादा हो गई है परंतु उनकी फिटनेस आज भी गजब की है। कांग्रेस के ही लोग नेता उनके नाम को आगे नहीं कर रहे और हरिद्वार के संत सतपाल ब्रह्मचारी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। सोनीपत से 2009 में जाट प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस ने जितेंद्र मलिक को टिकट दी।वे चुनाव जीत गए परंतु बाद में उनका उनके शुभचिंतक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार से मनमुटाव सामने आया और वह कांग्रेस छोड़ गए। 2019 में सोनीपत से भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुद चुनाव लड़ा परंतु वह चुनाव हार गए । धर्मपाल सिंह मलिक को 1996 के बाद टिकट नहीं दी गई।अब किसी को भी नहीं लगता कि कांग्रेस किसी जाट के नाम पर विचार करेगी शायद भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी ऐसा हीं चाहते होंगे ।बाकी सारी चीजें सूची जारी होने के बाद स्पष्ट हो पाएंगी लेकिन जिस तरह सोनीपत से चुनाव लड़ने के मामले में राष्ट्रीय लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के अध्यक्ष राजकुमार सैनी का नाम सामने आया था उसे देखते हुए यह पक्का लग रहा है कि कांग्रेस सोनीपत से जाट के नाम पर विचार नहीं कर रही है लेकिन पार्टी के पास इस उम्मीदवारी के लिए एक ऐसा ऊर्जावान और उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध है जो भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने की कुव्वत रखता है, उसका नाम है पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया। श्री दहिया आनंद सिंह दांगी डॉक्टर वीर काद्यान प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह आदि की तरह इंडियन नेशनल लोकदल कैडर से आए नेता हैं। वह 2000 में हरियाणा की दसवीं विधानसभा क्षेत्र के सदस्य रहे हैं ।जननायक जनता पार्टी के गठन के समय इंडियन नेशनल लोक दल छोड़ आए थे ।वे जेजेपी के जिला अध्यक्ष रहे हैं और इंडियन नेशनल लोकदल की टिकट पर 2009 में सोनीपत से लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इससे पहले विधानसभा में रोहट क्षेत्र (खरखौदा) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इंडियन नेशनल लोकदल के भी जिला अध्यक्ष रहे हैं। उनका ताल्लुक सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव खांडा से है। उनका जन्म 4 अप्रैल 1963 को हुआ।
आपको बता दे कि 2000 से 2005 तक जब प्रदेश में इंडियन नेशनल लोकदल की सरकार थी और ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री होते थे तो वह हरियाणा के दो विधायकों का उनकी सादगी इंसानियत और ईमानदारी के लिए विशेष तौर पर सम्मान करते थे। यह दो विधायक थे नारायणगढ़ के कमल दीवान और रोहट के पदम सिंह दहिया। पदम सिंह दहिया से श्री चौटाला इसलिए प्रभावित थे कि उस जमाने में इंडियन नेशनल लोकदल के लगभग सभी विधायक पेट्रोल पंप ,स्वराज ट्रैक्टर की एजेंसी और हीरो होंडा मोटरसाइकिल की एजेंसी के मालिक हो गए थे। जाहिर है उन्हें विशेष तौर पर सरकार के कारण यह लाभ मिला था लेकिन पदम सिंह दहिया ने मुख्यमंत्री से न कोई पेट्रोल पंप मांगा न कोई एजेंसी। यहां तक कि उन्होंने अन्य विधायकों के अधिकार की स्थिति में विदेशी दौरों पर जाने से भी यह कहकर इनकार कर दिया कि, ऐसे ही पेड़ पौधे यहां है ऐसे ही वहां है , मेरी विदेश जाने में कोई रुचि नहीं है मैं इसे फिजूलखर्ची मानता हूं। ऐसा होना या ऐसा करना सबके बस की बात नहीं है। इससे इससे यह भी प्रमाणित होता है कि पदम सिंह दहिया निहायत सादे, ईमानदार और सरल व्यक्ति हैं।
जाटों की बात करें तो सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में मलिक और दहिया गोत्र के मतदाता बहुसंख्यक और निर्णायक हैं। इस दृष्टि से पदम सिंह दहिया सोनीपत जिले के सोनीपत, राई, खरखोदा और गोहाना विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के निर्णायक उम्मीदवार के रूप में सामने आ सकते हैं। उन्हें ईमानदारी सादगी के नाम पर अपेक्षाकृत ज्यादा वोट मिल सकते हैं। उनका सकारात्मक पक्ष कांग्रेस के बहुत काम आ सकता है। यदि पदम सिंह दहिया को कांग्रेस की टिकट मिले तो वह सर्वाधिक स्वीकार्य जाट उम्मीदवार के रूप में देखे जाएंगे और वैसे भी पूरे हल्के से एक आवाज जरूर आएगी कि कांग्रेस ने एक बढिया उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। बाकि हम एक बात पहले की कह चुके हैं कि कांग्रेस किसी जाट प्रत्याशी को मैदान में उतारती नजर नहीं आ रही लेकिन जाट की उम्मीदवारी को लेकर यही बात कही जा सकती है कि , लगता तो नहीं पर हो भी सकता है।

पूर्व विधयक पदमसिंह दहिया।
