दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ हरियाणा के हिसार में परंपरागत पिछड़ा वर्ग कांग्रेस पर इस समाज के किसी एक व्यक्ति को टिकट देने के लिए लामबंद हो रहा है। पिछड़े वर्ग के अग्रणी नागरिक और कांग्रेस पार्टी से संबंधित काफी लोग पार्टी के नेताओं पर यह दबाव बना रहे हैं कि वह हिसार से बिछड़े वर्ग के किसी एक व्यक्ति को टिकट देने का फैसला कर पूरे हरियाणा के पिछड़ों को प्रतिनिधित्व देने की पहल करें ।उनका तर्क है कि भाजपा हिसार से पहले ही जाट समुदाय के चौधरी रणजीत सिंह को टिकट दे चुकी है। इससे में पिछड़ा वर्ग भाजपा से खुश नहीं है। ऐसा माना जा रहा था कि भाजपा हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को टिकट देगी। परंतु रणजीत सिंह की टिकट के बाद उन्हें निराशा हाथ लगी है।ऐसे में उनकी यह आस हो गई है कि कांग्रेस पिछड़े वर्गों के लोगों के मर्म को समझे और उन्हें हिसार से एक टिकट देने का फैसला करें तो उसे पूरे प्रदेश में पिछड़ों की सहानुभूति मिलेगी और एक रिकॉर्ड भी टूटेगा। वह यह कि आज तक कांग्रेस या भारतीय जनता पार्टी ने परंपरागत पिछड़े वर्ग के किसी व्यक्ति को लोकसभा का टिकट नहीं दिया है। अब इस बारे में तरह-तरह की लाबिंग की जा रही है इसमें प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करना, नेताओं और पार्टी को लिखित आवेदन भेजना और नेताओं से मिलकर मांग करना शामिल है। पिछड़े वर्गों के स्थानीय प्रतिनिधियों के अनुसार हिसार में पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार को टिकट देकर कांग्रेस को न केवल जीत की गारंटी मिलेगी बल्कि बीजेपी की बात करने वाला पिछड़ा वर्ग उसी दिन फिर से कांग्रेस के पीछे लामबंद हो जाएगा। यह तर्क भी दिया जा रहा है कि हरियाणा के सभी लोकसभा क्षेत्रों में हिसार में सबसे ज्यादा पिछड़े मतदाता हैं और उनके पास जांगड़ा समाज के सेवानिवृत अधिकारी चंद्र प्रकाश जांगड़ा कुम्हार समुदाय के पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला और जिला परिषद के सदस्य युवा नेता मनोज माही आदि ऐसे उम्मीदवार भी है जिन्हें भारी जन समर्थन मिल सकता है।पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधियों का कहना है कि कांग्रेस के पास पिछड़ों को टिकट देकर बड़ा राजनीतिक लाभ लेने का यह एक सुनहरी अवसर है। इसे गंवाना नहीं चाहिए। लगता है पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधियों को ऐसा लगने लगा है कि कांग्रेस भी किसी जाट को ही टिकट देने की तैयारी में है यदि ऐसा हुआ तो इसका लाभ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को निश्चित तौर पर हो जाएगा। अब देखना यह है कि कांग्रेस हिसार की टिकट के फैसले के समय पिछड़ों को कितनी अहमियत देगी।

