
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com चण्डीगढ़
आने वाले संसदीय चुनाव की बात करें तो हरियाणा में रोहतक सीट सबसे महत्वपूर्ण और हॉट सीट इसलिए मानी जा रही है कि सतारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के लोग भी 10 में से एक सीट पर मुकाबले को स्वीकार करते हैं और वह यही सीट है। रोहतक से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र दीपेंद्र हुड्डा लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं लेकिन 2019 में भाजपा के डॉक्टर अरविंद शर्मा से हार गए थे ।अब एक बात तय है कि दीपेंद्र हुड्डा ही रोहतक से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमाने जा रहे हैं परंतु भारतीय जनता पार्टी सीटिंग एम पी डॉक्टर अरविंद शर्मा को मैदान में उतरेगी या किसी नए उम्मीदवार को टिकट दी जाएगी इस बात पर अभी संशय बना हुआ है। इस मामले में भाजपा के उम्मीदवारों के नाम पर कई लोगों की चर्चा हुई है पार्टी ने भी डॉक्टर शर्मा के अलावा ओमप्रकाश धनखड़ और राजस्थान से विधायक बाबा बालक नाथ के नाम प्रस्तुत किए हैं लेकिन हाल में एक नया नाम अनुमानों की इस सूची में और दर्ज हो गया है वह है फिल्म स्टार रणदीप हुड्डा का। रणदीप हुड्डा का तालुका रोहतक जिले से ही है ।कुछ लोग उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखने लगे हैं लेकिन सवाल यह है कि रणदीप हुड्डा का नाम इस सूची में आया कैसे होगा।
आपको बता दें कि हरियाणा के एक सेवानिवृत आईएएस अधिकारी हैं जयपाल सांगवान जो आजकल फरीदाबाद रहते हैं ।इन का पैतृक गांव नूरन खेड़ा जिला सोनीपत में स्थित है। श्री सांगवान प्रसिद्ध शिक्षाविद स्वर्गीय चौ धजा राम के पुत्र और पूर्व सांसद स्वर्गीय किशन सिंह सांगवान के चचेरे भाई हैं ।उनके दो पुत्र संदीप सांगवान और जयदीप सांगवान हैं ।चौधरी जयपाल सांगवान और उनके पुत्रों का भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय व्यवस्था में काफी दखल है। रणदीप हुड्डा श्री सांगवान के बड़े पुत्र संदीप सांगवान के सगे साले हैं। रणदीप की बहन अंजलि संदीप की पत्नी है। ऐसे में रणदीप हुड्डा को सेलिब्रिटी के तौर पर रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ाने का विचार आया होगा तो श्री सांगवान के परिवार की मदद निश्चित तौर पर ली गई होगी। जहां तक रणदीप हुड्डा को टिकट देने का सवाल है इस बारे में पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि हाई कमान किस निष्कर्ष पर पहुंची है । इस बात का फैसला भी दो-तीन दिन में हो जाएगा। इसी संदर्भ में एक बार क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग का नाम भी चर्चा में आया था अब देखते हैं कि रोहतक में भाजपा की टिकट पर कौन चुनाव लड़ने जा रहा है।
