
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
पंचकूला, 26 फरवरी: नगर निगम पंचकूला वार्ड 16 में स्थित चंडी इनकलैव के प्रमुख लोगों का एक शिष्टमंडल अपनी समस्याओं को लेकर पंचकूला के लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिये बनाये गये “पीपुल्स फ्रंट पंचकूला” के अध्यक्ष ओ पी सिहाग से उनके सेक्टर 12 स्थित कार्यालय में मिले। इस शिष्टमण्डल की अध्यक्षता कर रहे जयकरण सरोहा,जे डी शर्मा एवं ओम प्रकाश ने पी एफ पी अध्यक्ष को बताया कि हरियाणा सरकार ने सेंकड़ों की संख्या में प्रदेश के विभिन्न शहरों में अवैध रूप से बनी हुई कालोनियों को रेगुलर कर दिया है जबकि उनकी कालोनी सरकार द्वारा इस मामले में निर्धारित शर्तों को पूरी करती है फिर भी पिछले काफी सालों से उसे रेगुलर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी कालोनी प्राइवेट जमीन पर 5 एकङ में बनी हुई तथा 80 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने अपने मकान बना लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कालोनी में ज्यादातर हरियाणा सरकार या प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले रिटायर्ड कर्मचारी रहते हैं जिन्होंने अपनी खून पसीने की गाढ़ी कमाई अपने मकानों के निर्माण में लगा दी ।
इस शिष्टमंडल में शामिल राजेश कुमार, हरबसलाल ,विजय ने ओ पी सिहाग को बताया कि इस कालोनी में सफाई व पीने के पानी की बड़ी भारी समस्या है। पी एफ पी अध्यक्ष सिहाग ने इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों से बात की तथा उनसे इस बाबत पूरी जानकारी ली तथा अनुरोध किया कि वे इस पूरे मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करके हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को सरकार से इस कालोनी को रेगुलर करवाने बारे पूरा केस तैयार करके भेजे। इसके अतिरिक्त इस कालोनी की नियमित सफाई एवं पानी की समस्या के समाधान के लिये भी मौके पर ही सबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन किए। ओ पी सिहाग ने शिष्टमंडल में शामिल लोगों को कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों या शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री से भी उनकी जायज मांग को पूरा करवाने के लिए मिलेंगे।
