
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
गुरूग्राम, 14 जनवरी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा नई शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) लांच किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा इसकी स्वीकृति मिलने उपरांत नए वर्ष के प्रथम चरण में 19 पाठ्यक्रमों को लांच किया गया है। इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2024 है।
सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बताया कि इग्नू द्वारा नए वर्ष में इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। स्नातक के आर्टस, साइंस व कॉमर्स संकायों समेत कुल 19 स्नातक कार्यक्रम में फिलहाल एफवाईयूपी फ्रेमवर्क को लागू करने की घोषणा की गई है। जनवरी 2024 सत्र में इसके तहत नामांकन किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि 19 कार्यक्रमों में से 2 कार्यक्रम बैचलर ऑफ आर्ट और बैचलर ऑफ साइंस में अतिरिक्त विषयों के चयन का प्रावधान दिया गया है। इनके अंतर्गत एक साथ कई विषयों का चयन किया जा सकता है। अन्य 17 प्रमुख कार्यक्रमों के अंतर्गत मूल विषयों की पढ़ाई होगी।
प्रवक्ता ने बताया कि कि दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को मल्टीपल एंट्री व मल्टीपल एग्जिट की सुविधा इन कार्यक्रमों में दी जा रही है। विद्यार्थी चाहें तो 3 वर्ष के बाद डिग्री लेकर एग्जिट कर सकते हैं। एक वर्ष बाद सर्टिफिकेट लेकर एग्जिट कर सकते है या दो वर्ष बाद डिप्लोमा लेकर एग्जिट कर सकते हैं। जो विद्यार्थी चार वर्षीया अपना कार्यक्रम पूरा करेंगे, उनको ऑनर्स की उपाधि दी जाएगी और वह एक वर्ष में ही अपनी पीजी पूरा कर सकेंगे।
