धर्मपाल वर्मा
डीडी न्यूज नेटवर्क चंडीगढ़।
हरियाणा में कांग्रेस में कई चीजे भारतीय जनता पार्टी को अपनी रणनीति बदलने को मजबूर कर सकती हैं। तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को जो बूस्ट मिला था उसे कांग्रेस ने विशेष तौर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ठंडा कर दिया है। एक बार जो कांग्रेस पर ब्रेक लग गया था उसे निर्मूल करते हुए कांग्रेस ने सिरसा में बड़ी रैली की और प्रभावशाली लोगों की कई महत्वपूर्ण जॉइनिंग कराई। प्रदेश के मजबूत नेता चौधरी निर्मल सिंह की कांग्रेस में घर वापसी हुई। सोनीपत जिले में बरोदा में आयोजित रैली में भारी भीड़ जुटी जिसे रिएक्शन भी कहा गया। एक बड़ी बात यह सुनने और पढ़ने को मिली कि कांग्रेस की बड़ी नेता कुमारी शैलजा इससे पहले जहां लोकसभा के चुनाव से हटती नजर आ रही थी, ने पिछले दिनों यह बयान दिया कि वह चुनाव तो विधानसभा का लड़ना चाहती है लेकिन पार्टी का आदेश हुआ तो लोकसभा का चुनाव भी लड़ने को तैयार हैं। अब यह बात समझने की है कि उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ने का मन सिरसा से बनाया है या अंबाला से । लेकिन हालात और सूत्र यह बता रहे हैं कि ऐसा हुआ तो कुमारी शैलजा सिरसा से चरणजीत सिंह रोड़ी को उम्मीदवार बनाना चाहेगी और खुद अंबाला से ही चुनाव लडेगी । कुमारी शैलजा का लोकसभा का चुनाव लड़ना रणनीतिक भी हो सकता है। जहां तक चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान का सवाल है तो इसमें कोई दो राय नहीं की कुमारी शैलजा चाहे तो हाई कमान उन्हें चुनाव लड़ने के लिए बाध्य भी नहीं करेगी। कुमारी शैलजा पहले भी लोकसभा के तीन चुनाव छोड़ चुकी हैं ।उन्होंने एक चुनाव सिरसा से छोडा दो चुनाव अंबाला से। अंबाला से उनके चुनाव लड़ने की संभावना के पीछे कई कारण है।
इसी सिलसिले में बात करते हैं फिर से भारतीय जनता पार्टी की। बताया जा रहा है कि भाजपा आम आदमी पार्टी के नेता डॉक्टर अशोक तंवर पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा और चंद्र मोहन को पार्टी में लाना चाहती हैं। भाजपा के पास अंबाला लोकसभा क्षेत्र के लिए कोई ऊर्जावान और सक्षम उम्मीदवार उपलब्ध नहीं है। पार्टी बंतो कटारिया को चुनाव लड़ाने के पक्ष में नहीं बताई जा रही । यही कारण है कि उन्हें संगठन में समायोजित कर दिया गया है। उधर चौ निर्मल सिंह के आम आदमी पार्टी छोड़ जाने के बाद अब कई नेताओं को इस पार्टी में अपना भविष्य नहीं आ रहा है। बताया गया है कि गर्म लोहे पर चोट करते हुए भाजपा के नेताओं ने इस बारे में सोचना शुरू कर दिया है कि क्यों न डा अशोक तंवर को पार्टी में लाकर उन्हें अंबाला से लोकसभा का चुनाव लड़ाया जाए। खबर है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अशोक तंवर में दिल्ली के ताज होटल में एक बैठक हुई है। दोनों पक्षों की ओर से ऐसा कोई बयान आदि नहीं आया है परंतु यह आम मान्यता है कि 2009 में सिरसा से सांसद रहे डॉक्टर अशोक तंवर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अंबाला से चुनाव लड़ने को आसानी से तैयार नहीं होंगे क्योंकि उनकी रुचि विधानसभा चुनाव में ज्यादा बताई गई है। लेकिन कहा जाता है कि राजनीति में कुछ भी संभव है। बता दे कि तुम डॉक्टर अशोक तोमर ने कांग्रेस छोड़ी थी तो वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना चाहते थे परंतु वह बात नहीं बन पाई और वे काफी दिन किसी दूसरे दल में जाने की बजाय स्वतंत्र तौर पर अपनी राजनीतिक गतिविधियां चलाते रहे ।बाद में वह टीएमसी में शामिल हो गए थे।
उसके बाद आम आदमी पार्टी में आ गए। चौधरी निर्मल सिंह के आम आदमी पार्टी छोड़ने और कांग्रेस में शामिल होने की सूचना के बाद यह चर्चा आम हो गई थी कि अब डॉक्टर अशोक तोमर भी आम आदमी पार्टी को छोड़ सकते हैं।यदि डा अशोक तंवर भाजपा में आए और उन्होंने अंबाला से लोकसभा का चुनाव लड़ने की स्वीकृति दे दी तो फिर प्रदेश कांग्रेस के दो पूर्व अध्यक्ष आमने-सामने चुनाव लड़ते नजर आएंगे और यह लड़ाई काफी इंटरेस्टिंग होगी। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार यदि डा अशोक तंवर भाजपा में शामिल होते हैं तो उन्हें सिरसा से भी चुनाव लड़ाया जा सकता है भारतीय जनता पार्टी अंबाला से किसी गैर रविदासी उम्मीदवार को भी उतार सकती है।

कुमारी शैलजा को लोकसभा चुनाव लड़ना पड़ा तो उनकी प्राथमिकता अंबाला ही हो सकती है।

डॉ अशोक तंवर का भाजपा में आना अब आसान नजर आने लगा है।
