
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़, 23 मार्च 2026
मनीमाजरा (सेक्टर-13) के विकास कार्यों को लेकर नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समाजसेवी एवं मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन (MERWA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 3 लाख से अधिक की आबादी वाले मनीमाजरा को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक अदद ‘ओपन एयर थिएटर’ की सख्त जरूरत है, लेकिन यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट फाइलों में ही दबा हुआ है।

Subhash Dhiman
उम्मीदें टूटीं, बढ़ा जनता का आक्रोश:
राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि हाल ही में चंडीगढ़ के प्रशासक महोदय ने मनीमाजरा का औचक निरीक्षण किया था। क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि वे शिवालिक गार्डन आकर प्रस्तावित थिएटर की जगह का मुआयना करेंगे, लेकिन वे इंदिरा कॉलोनी और अस्पताल का दौरा कर वापस लौट गए। प्रशासन के इस रुख से स्थानीय कलाकारों, बुजुर्गों और युवाओं में जबरदस्त निराशा है।

Raj bir Singh Bhartiya
मनीमाजरा का अपना ‘कलाग्राम’ यानि ओपन एयर थियेटर (Open Air Theater) बनाने की मांग:
भारतीय ने प्रशासन को सुझाव देते हुए कहा, “जैसे चंडीगढ़ में ‘कलाग्राम’ सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र है, ठीक उसी तर्ज पर शिवालिक गार्डन में ओपन एयर थिएटर का जल्द निर्माण होना चाहिए। मनीमाजरा के कला प्रेमी और जनता प्रशासन के इस कदम का खुले दिल से अभिनंदन करेगी।”
प्रशासन के संज्ञान में, धरातल पर शून्य:
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट नया नहीं है। पूर्व मेयर सरदार सुरेन्द्र सिंह के कार्यकाल में ही इसे प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था। फरवरी माह में नगर निगम कमिश्नर ने भी गार्डन का दौरा किया था, जिससे उम्मीद की किरण जागी थी, पर नतीजा अब तक “सिफर” ही रहा है।
सांस्कृतिक पहचान और विकास की मांग:
एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों —प्रधान श्याम सुंदर, समाजसेवी अरुण कुमार वशिष्ठ (एडवोकेट), पास्टर रॉबर्ट विलियम, शिक्षक राजकुमार सैनी और महिला समाजसेवी पूजा रॉय, कमलेश देवी, इंदिरा कालोनी से रमेश शिरसवाल ने संयुक्त बयान में मुख्य बिंदुओं पर ध्यान खींचा:
प्रतिभा को मंच: स्थानीय स्कूली बच्चों और युवाओं को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा: बुजुर्गों के लिए भजन-कीर्तन और सामाजिक मेल-मिलाप के लिए यह स्थान मील का पत्थर साबित होगा।
सांस्कृतिक उत्थान: नाटक, कवि सम्मेलन सांग, पंजाबी प्रोग्राम और रचनात्मक गतिविधियों से क्षेत्र की पहचान सुदृढ़ होगी।
प्रशासन को चेतावनी: जल्द शुरू हो जमीनी कार्य
राजबीर सिंह भारतीय ने मांग की है कि शिवालिक गार्डन सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट के तहत तुरंत बजट आवंटित कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया, “हमें विश्वास है कि प्रशासन हमें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर नहीं करेगा। यह कार्य मनीमाजरा को वास्तव में ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम होगा।”
