
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़, 23 नवंबर 2025: चंडीगढ़ लिटरेरी सोसाइटी (सीएलएस) द्वारा आयोजित सीएलएफ लिटराटी 2025 (चंडीगढ़ लिटफेस्ट) के समापन दिवस पर कई रोचक और समसामयिक साहित्यिक सत्र आयोजित किए गए। ‘बुक बज़’ खंड के अंतर्गत दो पुस्तकों का विमोचन भी पुस्तक प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान सीएलएफ लिटराटी बुक अवॉर्ड्स का भी शुभारम्भ किया गया जो की पहली बार आयोजित किया गया था।

डॉ. सुमिता मिश्रा, चेयरपर्सन सीएलएस एवं फेस्टिवल डायरेक्टर , ने कहा, “यह हम सभी के लिए गर्व का पल है क्योंकि अब चंडीगढ़ के पास अपना खुद का नेशनल लेवल बुक अवॉर्ड्स है। हम हर साल सीएलएफ लिटराटी के दौरान बुक अवार्ड्स की घोषणा करने की योजना बना रहे हैं, जिससे यह फेस्टिवल सच में एक होलिस्टिक नेशनल लेवल का लिटरेरी इवेंट बन जाएगा।”

डॉ. सुमिता मिश्रा ने आगे कहा कि हम न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी साहित्यिक जगत में एक विशेष पहचान बनाने में सफल रहे हैं। वर्षों से हमने चर्चित लेखकों, सेलिब्रिटीज़ , कवियों, विचारकों, विश्लेषकों और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर नई पुस्तकों, साहित्यिक प्रवृत्तियों और समसामयिक विषयों पर चर्चा कराई है। इससे चंडीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक गंतव्य के रूप में पहचान मिली है।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने वक्ताओं और लेखकों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आप सभी ने अपने विचार, कहानियाँ और ज्ञान साझा कर हमारे मन को समृद्ध किया और दिलों को छुआ।” उन्होंने वार्ताकारों (इंटरलॉक्यूटर्स), दर्शकों तथा चंडीगढ़ लिटरेरी सोसाइटी की टीम के वालंटियर्स का भी आभार जताया।

इससे पहले समापन दिवस की शुरुआत सोनिका सेठी और देवियाणी सिंह द्वारा आयोजित ‘क्रिएटिव राइटिंग वर्कशॉप’ से हुई। इसके बाद ‘स्पिरिचुअल कॉर्ड्स: स्टोरीज़ ऑफ चेंज एंड चॉइस’ सत्र के साथ साहित्यिक बातचीत का शुभारंभ हुआ, जिसमें ‘रसास इन डिवाइन रिलेशनशिप्स एंड इम्मोर्टालिटी: ए बून और ए कर्स’ पुस्तक की लेखिका शालिनी मोदी और अक्षय पात्र फाउंडेशन से जुड़े आध्यात्मिक मार्गदर्शक कृष्णपद दास कृष्णा ने द्विभाषी कवयित्री, लेखिका एवं भजन गायिका अनुरानी शर्मा के साथ संवाद किया। इसके बाद ‘रूट्स एंड रेसिपीज: ए वेलनेस कन्वर्सेशन’ सत्र हुआ, जिसमें भारत की प्रमुख पोषण विशेषज्ञ और जनस्वास्थ्य अधिवक्ता रुजुता दिवेकर ने शिक्षाविद् एवं लेखिका उर्वी शर्मा के साथ बातचीत की। ‘बिहार डायरीज़ एंड ग्राउंड ज़ीरो: रियल हीरोज़, रियल स्टोरीज़’ सत्र में आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा, जो ‘बिहार डायरीज़’, ‘लाइफ इन द यूनिफॉर्म’ और ‘पुलिस अफेयर्स’ जैसी बेस्टसेलर पुस्तकों के लिए जाने जाते हैं, शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि ‘बिहार डायरीज़’ पर एक चर्चित ओटीटी सीरीज़ भी बनी है । उनके साथ पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वीणा रमन, जो स्वर्गीय आईपीएस अधिकारी विजय रमन की पत्नी हैं, भी मौजूद रहीं। विजय रमन भिंड के एसपी रहते हुए एथलीट से डकैत बने पान सिंह तोमर का अंत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी आत्मकथा ‘डीड आई रियली डु आल दिस’, जो उनकी पत्नी वीणा रमन द्वारा सह-लिखित है, पर भी चर्चा की गई। यह संवाद आईपीएस अधिकारी और लेखक अरश वर्मा के साथ हुआ।

