
– दक्ष दर्पण समाचार सेवा
((जयवीर सिंह )
सोनीपत , 23 नवंबर ।
पुलिस मुठभेढ़ में दोहरी हत्या के मामले में फरार चल रहा एक आरोपी आज रविवार को एनकाउंटर में घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस घायल को उपचार के लिए पास के सामान्य अस्पताल में पहुंची , लेकिन उसे गंभीर हालत के चलते खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बता दें कि खरखौदा में पिता-पुत्र हत्या मामले में दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस को आज उनके खरखौदा के गोपालपुर आईएमटी रोड पर होने
की सूचना मिली। इस सूचना पर मौके पर बदमाशों की घेराबंदी की गई। जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी किसी हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में यहां आए थे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
रविवार सुबह पुलिस को पिता-पुत्र हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी शुभम के होने की सूचना मिली। पुलिस उसे पकड़ने गई तो उसने पुलिस पर हमला बोल दिया।
पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी शुभम को 6 गोलियां लगी हैं। आरोपी को पेट, छाती और पैर में गोलियां लगी हैं। आरोपी को पहले सामान्य अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
बता दें कि एंट्री गैंगस्टर यूनिट के इंचार्ज अजय धनखड़ की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी। वहीं, सी आई ए-1 भी साथ लगाई गई थी। संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने कार्रवाई की तो एक बदमाश घायल हुआ, जबकि मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस एनकाउंटर में शुभम का साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने जैसे ही शुभम को गोली मारी उसका साथी वहां से भाग निकला, जिसका पुलिस अधिकारियों ने पीछा किया, लेकिन वो हाथ नहीं आया।
बता दें कि 24 अक्टूबर 2025 को खरखौदा में पिता-पुत्र धर्मवीर और मोहित के डबल मर्डर मामले में शुभम आरोपी रहा है। उसका फरार साथी भी इसी मामले में आरोपी है।
सोनीपत पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने कहा कि डबल मर्डर केस, जिसमें एक पिता और पुत्र की निर्मम हत्या कर दी गई थी, के संबंध में आज सोनीपत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक अन्य संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया है। वे पूरे मामले में जानकारी ले रही हैं और मौके का मुआयना किया है। पुलिस अपराध को रोकने में पूरी ताकत से कार्रवाई कर रही है।
