
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
मानेसर। मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर तथा पटौदी की विधायक विमला चौधरी ने सोमवार को निगम क्षेत्र के गांव नवादा फतेहपुर और सिकंदरपुर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी। नारियल फोड़कर शुभारंभ करते हुए विधायक और मेयर ने कहा कि निगम के प्रत्येक वार्ड के हर गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना ही उनका लक्ष्य है। सोमवार को वार्ड 19 के गांव सिकंदरपुर में विधायक और मेयर ने इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर लाइन और पानी की नई सप्लाई लाइन बिछाने के कार्यों की शुरूआत की। इसी के साथ रंजन मंदिर से लेकर जेनेसिस हॉस्पिटल तक आरएमसी रोड़ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसी तरह वार्ड 20 के गांव नवादा फतेहपुर में पंप हाउस की बाउंड्री वॉल , आईपीबी ट्रेक और शिशु कल्याण स्कूल के पास आरएमसी रोड़ निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया।

जनहित के कामों को पूरा किया जाएगा
अपने संबोधन में विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि सरकार गांवों के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। पटौदी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क,सीवर और साफ पीने का पानी उपलब्ध करवाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जनहित के कामों को पूरा किया जाएगा। ग्रामीण उन्हें अपने-अपने गांव में होने वाले विकास कार्यों की सूची दें, बजट का बंदोबश्त वे स्वयं सरकार से करवा लेंगी।
योजनाओं का तय समय सीमा में काम शुरू होगा होगा
मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने भी निगम क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निगम क्षेत्र के प्रत्येक काम करवाएं जाएंगें। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य योजनाओं का तय समय सीमा में काम शुरू किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, पार्षद रवि यादव, रविंद्र यादव, प्रताप सिंह, एक्सईएन मंदीप धनखड़, एसडीओ विकास शर्मा, जेई जयवीर यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
