
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली।
कलयुग का दौर देखिए,उपनगर ग्वालियर की एक कॉलोनी में रहने वाली वृद्धा कमला देवी कोष्ठा(80)को उनके ही दो बेटों ने गला घोटकर इसलिए मार डाला कि उसकी सेवा ना करनी पड़े। प्रेम नारायण और लालचंद नाम के इन दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस मारी मारी फिर रही है।
दिल दहला देने वाली इस वारदात का पर्दाफाश होने के बाद ग्वालियर थाना पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की रात मुकदमा दर्ज कर लिया।
वृद्धा की हत्या दोनों बेटों ने मिलकर 9 दिसंबर को ही कर डाली थी। इसके बाद वे इसे सामान्य मौत बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। अर्थी सज गई, तभी पड़ोस में रहने वाली महिला को संदेह हुआ। उसने गले पर निशान देखे।
गुपचुप तरीके से किसी ने पुलिस को खबर दे दी। ग्वालियर थाना पुलिस यहां पहुंच गई और पूछताछ की तो यह लोग बोले कि मां बीमार थी तो मर गई। पुलिस ने दबाव डाला और पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि गर्दन की हड्डी टूटी है। गला दबाकर मारा गया है। मामला खुलते ही पुलिस ने जांच पड़ताल की और हत्या का पर्दाफाश हो गया। आखिर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। फिलहाल दोनों भाई फरार बताए गए हैं।
