@ दक्ष दर्पण
हिसार : पूर्व विधायक एवं हरियाणा खादी व ग्रामोद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष जयनारायण वर्मा की स्मृति में हिसार के सर्वोदय भवन में श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा श्रद्धांजलि व स्मृति सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नलवा के विधायक चौ. रणधीर पनिहार मुख्यातिथि रहे जबकि पूर्व चेयरमैन एचएलआरडीसी अशोक वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी व व्यवसायी संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। निर्धन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे एवं जनहित के उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रसिद्ध समाजसेवी व भीख नहीं किताब दो की अध्यक्ष अन्नु चीनिया को समारोह के दौरान छठे जयनारायण वर्मा सम्मान- रजतपत्र से अलंकृत किया गया। उन्हें पगड़ी व सूत की माला पहनाकर शॉल, पौधा व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि विधायक चौ. रणधीर पनिहार ने पूर्व विधायक जयनारायण वर्मा द्वारा किए गए जनहित के कार्यों को याद करके उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जयनारायण वर्मा ने हमेशा अन्याय का विरोध करते हुए वंचित समाज के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि भले ही वर्मा जी पिछड़ा वर्ग समाज से थे किंतु सामाजिक एवं राजनीतिक तौर पर वह बहुत समृद्ध थे तथा उनकी सोच उनके विचार उनके सिद्धान्त एवं आदर्श बहुत उच्च कोटि के थे। विरोधी पक्ष (विपक्ष) में होने के बावजूद वर्मा जी के ओजस्वी भाषणों व वक्तव्यों से वे खुद बहुत प्रभावित रहे। वर्मा जी ने देश की स्वतंत्रता के उपरांत भूदान आंदोलन, सर्वोदय समाज, खादी व कुटीर उद्योग बोर्ड व पिछड़ी जाति आयोग में प्रतिष्ठित पदों पर कार्य किया। इसके साथ-साथ उन्होंने पिछड़ों के कल्याणार्थ विभिन्न आंदोलनों का सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया।
श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट के महासचिव एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने अतिथियों का सत्कार करते हुए स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने सम्मान समारोह की प्रासंगिकता, ट्रस्ट की स्थापना एवं उसकी गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश में आपातकाल के दौरान सर्वोदय से जुड़े जयनारायण वर्मा 19 महीने जेल में रहे। इस योगदान को देखते हुए और सर्वोदय से जुड़े होने के कारण उन्हें पार्टी ने विधानसभा की टिकट दी और जनता ने विश्वास जताते हुए उन्हें विजयी भी बनाया। खोवाल ने उपस्थित जनसमहू की सार्थक भागीदारी तथा उनके सतत सहयोग के लिए अभिवादन किया। प्रमुखता से उन्होंने अपना सम्बोधन इस समारोह में चार चांद लगाने वाले मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष एवं सम्मानित व्यक्तित्व के सद्प्रयासों पर रखकर ट्रस्ट की उपलब्धियों से सम्बद्ध ब्यौरा प्रस्तुत किया।
अलंकरण समारोह में प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. महेंद्र सिंह ने अभिनंदन पत्र पढक़र अन्नु चीनिया की उपलब्धियों व जनहित के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्जनपुर के सामान्य परिवार में जन्मी अन्नु चीनिया ने स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की हुई है और नेतृत्व क्षमता व कुशलता का गुण विरासत में मिला है। उन्होंने वर्ष 2013 में हिसार के बस स्टैंड पर भीख मांगते हुए बच्चों को देखकर इन्हें शिक्षा से जोडऩे का प्रण लिया और भीख नहीं किताब दो संस्था का गठन किया। अब तलवंडी राणा के छात्रावास में अन्नु चीनिया के मार्गदर्शन में झुग्गी-झोपड़ी के बहुत से बच्चे न केवल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। इस छात्रावास के अंतर्गत 54 बच्चों में से 24 विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थाओं एवं सहयोगियों द्वारा गोद लेकर धांसू गांव में स्थित लक्ष्य पब्लिक स्कूल से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है तथा 30 बच्चों को गांव के स्कूल में पढ़ाया जा रहा है। इस सभी को छात्रावास के पारिवारिक वातावरण में अनुशासन शिष्टाचार व संस्कार दिए जा रहे हैं।
भीख नहीं किताब दो संस्था के सचिव सुरेश पुनिया ने इस अनूठी अभिव्यक्ति की दुष्कर शुरुआत, इस बाबत प्रेरणा, की जा रही गतिविधियों, अब तक की उपलब्धियों तथा संस्था की अध्यक्ष एवं सदस्यों के अतुलनीय योगदान विषय में उपस्थित जनसमूह को नवीन जानकारी से अवगत करवाया। छात्रावास हेतु भूमि की उपलब्धता इसके नियमित संचालन रखरखाव व भवन निर्माण हेतु सभी परिस्थितियों तथा निरन्तर मिल रहे अतुलनीय सहयोग पर प्रकाश डाला।
इस समारोह की सम्मानित व्यक्तित्व कुमारी अनु चिनिया ने भी इस सम्मान रजत-पत्र पर भावाभिव्यक्ति व्यक्त करते हुए सहज अंदाज में सम्बोधन दिया। उन्होंने अपनी संस्था के अधीन चल रहे स्वाभिमान अध्ययन केंद्र के क्रियान्वयन तथा इसके छात्रावास व छात्रों की शिक्षा व संस्कार सम्बन्धी सम्पूर्ण व्यवस्था, संस्था के रखरखाव, दैनिक जरूरतों को उद्गृत किया। अपने तमाम संघर्षों में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने वाले व प्रेरित करने वाले तथा सामाजिक उत्थान के आंदोलन में अपने सभी सहयोगियों व भिन्न संस्थाओं का उल्लेख करते हुए भावनात्मक अपील की। उन्होंने अपनी विषम पारिवारिक परिस्थितियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि कैसे उन्हें अपने लक्ष्यों व उद्देश्यों की राह में संकटों व संघर्षों का सामना करना पड़ा। किन्तु समय समय पर परिवार समाज संस्थाओं प्रशासन के अनुकरणीय समर्थन से तथा उनके गुरुवर स्वामी रामदेव पाठी जी के मार्गदर्शन रूपी आशीर्वाद से प्रवर्त होकर आगे बढ़ते रहने का सम्बल मिला।
छठे अलंकरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे अशोक वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि संजय गुप्ता (दोनों ही प्रमुख समाजसेवी राजनीतिज्ञ एवं व्यवसायी) ने अपने सम्बोधन एवं सन्देश में ट्रस्ट के प्रेरणादायक कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा समारोहपूर्वक सम्मानित व्यक्तित्व के चयन को सार्थक ठहराते हुए ऐसे कार्यों को सर्वोत्कृष्ट उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने बताया कि वर्मा जी ने तमाम जीवन पिछड़ों शोषितों वंचितों के हितों में उनके समग्र उत्थान के लिए संघर्षों में कभी अपनी अथवा अपने परिवार की स्वार्थपूर्ति या जीवनयापन को सुगम बनाने के लिए अपने आदर्शों सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। इसी प्रकार आज की सम्मानित व्यक्तित्व कुमारी अनु चिनिया ने अपने उद्देश्यों को सार्थक करने के लिए अंतिम पायदान के समाज के लिए अपना संघर्ष बिना किसी समझौते के जारी रखा हुआ है। बल्कि इनका पुण्य-पवित्र कार्य वर्मा जी विचारों के अनुरूप ही दिखाई पड़ता है।
कार्यक्रम के अंत में श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट पंजीकृत के प्रबंधक शैलेश वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन देकर सभी अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने आज के छठे जय नारायण वर्मा सम्मान-रजतपत्र वार्षिक समारोह में भीख मांगने वाले कूड़ा बीनने वाले निहायत जरूरतमंद, झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों के बच्चों को शिक्षा, संस्कार व पालन पोषण देने वाली स्वयं वंचित समाज की कुमारी अनु चिनिया (समाजसेविका) जो “भीख नहीं किताब दो” नामक संस्था रूपी आंदोलन में अनवरत प्रवर्त है, को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय चौ रणधीर सिंह पनिहार जी विधायक नलवा, विशिष्ट अतिथि सम्मानीय श्री संजय गुप्ता जी (प्रमुख समाज सेवी एवं व्यवसायी) तथा अध्यक्षता कर रहे ‘श्री जय नारायण वर्मा स्मा. चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य’ श्रधेय श्री अशोक वर्मा जी सिरसा (प्रमुख राजनीतिज्ञ व व्यवसायी) के करकमलों द्वारा, सेंकडों की संख्या में भिन्न भिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ट्रस्ट द्वारा स्थापित मानदंडों के अनुरूप भावभीने नवाचार अंदाज में सम्मानित करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व अभिनन्दन किया। उन्होंने सर्वोदय भवन की नियमित रविवारीय सभा के ऐतिहासिक महत्व को भी स्पष्ट किया। सेवानिवृत्त एससी सत्यपाल शर्मा ने कुशल मंच संचालन के साथ समारोह को विधिवत रूप से सम्पन्न करवा कर सभी का मन मोह लिया।
उल्लेखनीय है कि श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट श्रेष्ठ सामाजिक व रचनात्मक कार्यों के लिए पिछले वर्षों में पांच हस्तियों को सम्मानित कर चुका है। वर्ष 2019 में आर्यनगर गुरुकुल के कुलपति रामस्वरूप शास्त्री, वर्ष 2020 में दयानंद महाविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह, वर्ष 2021 में गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष रामचंद्र राही, वर्ष 2022 में प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. मदन मोहन जुनेजा एवं वर्ष 2023 में समाजसेवी विजय कौशिक को जयनारायण वर्मा सम्मान- रजतपत्र से अलंकृत किया जा चुका है।
श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंधक शैलेश वर्मा, महासचिव एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल व कोषाध्यक्ष पटेल सिंह स्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि विगत में ट्रस्ट के पांच अभिन्न संस्थापक सदस्यों के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव पारित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए गए हैं। ट्रस्ट द्वारा सर्वसम्मति से आठ नए संस्थापक सदस्यों को फिलहाल ही मनोनीत किया गया है जिनमें डॉ प्रो० महेंद्र सिंह जी, मा. चंद्रा राम गुरी अलंकार ज्वेलर्स, श्री पवन वर्मा आकाशवाणी डायरेक्टर, धर्मबीर शर्मा जी प्रबंधक सर्वोदय भवन, डॉ प्रो० सविता उबा जी जीजेयू, सुदेश वर्मा जी मैनेजर स्टेट बैंक, विनोद सोनी जी, सुलोचना वर्मा जी शामिल हैं।
श्रद्धांजलि व स्मृति सभा एवं सम्मान समारोह में उपरोक्त के अलावा प्रेस प्रवक्ता बनी सिंह जांगड़ा, रामफल जलंधरा, इंदु वर्मा, डॉ के के वर्मा, रोहताश बिरथल डीएफओ, रामनिवास वर्मा लक्ष्य पब्लिक स्कूल, बाला वर्मा भाग्य श्री महिला आश्रम की संचालिका, बलवान लोहानी, शकुंतला जाखड़, प्रो आई जे नाहल, जगदीप भार्गव, जगदीश चन्द्र चिनिया, धर्मपाल भाम्भू, रमेश गोदारा, देसराज कम्बोज, निहाल सिंह गोदारा, कृष्ण आइतान, राजेन्द्र जाखड़, महेंद्र आर्यनगर, सुरेश जैन, विनोद कुमार, धनराज प्रकृतिक चिकित्सक, कर्नल ओमप्रकाश, अर्चना ठकराल, कृष्णा खोवाल, हिमांशु आर्य, प्रशांत वर्मा नैना वर्मा, सीमा वर्मा, सुभाष वर्मा, विकास लाम्बा, डॉ मनोज सोनी, शेर सिंह प्रधान, ओमप्रकाश बगला, सत्यव्रत आर्य रि. डीईईओ, डॉ संदीप कल्याना, शुभकरण गौड़, के पी कालिया, आर के भारद्वाज, वेद प्रकाश शर्मा, नरेश वर्मा प्रधान, विजय कारगवाल, सुरेंद्र वर्मा, प्रिया वर्मा, सुभाष मास्टर, सुदेश चावला, रामप्रकाश वर्मा, सुभाष गोयल, विकास गोयल एडवोकेट, प्रो सुषमा गांघी, वीरेंद्र कौशल, मेहरचंद मनचंदा, प्रवीण वर्मा, रणसिंह पत्रकार, जगदीश जलंधरा, सावित्री बेनीवाल, सुखबीर फोगाट, ओमप्रकाश जलंधरा, भतेरी देवी, मीरा, बलबीर सरेहड़ा, मामन राम मलेठिया, जगतपाल शास्त्री, संजय वर्मा, राज कुमार खोवाल, पवन शर्मा प्रिंसिपल, सारिका, उर्मिला थालोड़, देव थालोड़, ओमप्रकाश मेहता, बजरंग इंदल एडवोकेट, बालकृष्ण छापोला एडवोकेट, रामनिवास शिकारपुर, सतबीर वर्मा रि. प्रिंसीपल, अंकुर चिनिया, गरिमा बंसल, भूपेंद्र पनिहार, राजेश सहारण, पवन तुंडवाल एडवोकेट सुभाष शर्मा सातरोड, रोहताश भ्यान, बंसी नारंग, संदीप बनवाला, विजय शर्मा, विकास, संदीप नरवाना, दिलबाग श्योराण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री जयनारायण वर्मा स्मारक चैरिटेबल ट्रस्ट के समारोह में अन्नु चीनिया को सम्मानित करते अतिथिगण।
