
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ 2024 के संसदीय चुनाव में हरियाणा और देश की बात करें तो कई बार तो ऐसा लगता है जैसे भारतीय जनता पार्टी केंद्र में सरकार बनाने की हैट्रिक भी बना सकती है बेशक 2019 के चुनाव की तुलना में उसकी सीटें घट जाए । क्योंकि ,सरकार तो बनेगी मोदी की ही, ऐसा मानने वाले लोग थोड़े नहीं है। लेकिन इस बार चुनाव में कई ऐसी चीज देखी जा रही है जिससे यह भी लगता है कि भाजपा की हैट्रिक की संभावना इतनी आसान नहीं है। कुछ विशेषज्ञ दावा कर रहे हैं कि केंद्र में भाजपा नहीं इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। लगता तो नहीं, पर हो भी सकता है परंतु हरियाणा में राजनीति में रुचि रखने वाले लोगों को पता है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह चुनाव परिणाम सुखद रहे तो हरियाणा में विधानसभा के चुनाव समय पर होंगे और अगले चार-महीने भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार कुछ इस तरह की परफॉर्मेंस देने की कोशिश करेगी कि एक बार फिर सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाए।

भारतीय जनता पार्टी के नेता समय से पहले चुनाव कराने के पक्ष में न अब है ना होते हैं। यदि हरियाणा में समय से पहले चुनाव हुए यानी अभी जल्दी हुए तो इसका एक ही कारण होगा वह होगा इंडिया गठबंधन के पक्ष में जनादेश आ जाना। यदि केंद्र में गठबंधन की सरकार बनी तो यह मानकर चलिए की हरियाणा में भी कांग्रेस अपने मजबूत होने का सबूत दे चुकी होगी। वरना समय से पहले चुनाव होने के आसार समाप्त हो जाएंगे समय से पहले चुनाव तभी संभव है जब केंद्र में भाजपा की सरकार ना बने।
एक बात साफ है कि केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं बनी और हरियाणा में इंडिया गठबंधन 5 या इससे ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब हो गया तो फिर हरियाणा में भाजपा की सरकार चल नहीं पाएगी। यह बीच में भी गिर सकती है ।ऐसे में समय से पहले विधानसभा चुनाव होना संभव है । आप यह मानकर चल सकते हैं कि हरियाणा में कांग्रेस की लोकप्रियता और मजबूती सामने आ गई तो कांग्रेस की नाव में बैठकर चुनाव की वैतरणी पार करने की सोच से भाजपा के कई विधायक दल बदल कर सकते हैं। कुछ तो अब से पहले ही हुड्डा से बात हो गई है, कहकर इसी तरह का संदेश देते बताए जा रहे हैं।ऐसे में समय से पहले विधानसभा के चुनाव कराए जाने की संभावनाएं अभी बनी हुई है। यदि अच्छा प्रदर्शन सामने आया तो कांग्रेस के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा जरूर चाहेंगे कि हरियाणा में मौजूदा सरकार गिरे और जल्दी ही विधानसभा के चुनाव भी हो ताकि पार्टी की लोकप्रियता का लाभ उठाया जा सके। यदि ऐसा हुआ तो भारतीय जनतापार्टी की नायब सैनी सरकार में मंत्री बनने का सपना ले रहे तीन नए अमर अकबर एंथोनी विधायक ही बने रह जाएंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार तो बाद की बात है अभी तो सवाल सरकार बचाने का है। यह हरियाणा है ,यहां राजनीति में पाड़ तुआड़े होते ही रहते हैं।
