
सतबीर भाना
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
कैथल (कृष्ण प्रजापति): पुंडरी हलके के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतबीर भाणा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के कुरुक्षेत्र लोकसभा से उम्मीदवार डॉ सुशील गुप्ता बहुत बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करेंगे और न केवल पुंडरी हल्के से बल्कि कुरुक्षेत्र लोकसभा से भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की जनता ने भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होकर मतदान किया है। चाहे किसानी का मुद्दा हो, चाहे संविधान बचाने का मुद्दा हो, सरपँच व पंचायत जनप्रतिनिधियों पर हुए लाठीचार्ज का बदला लेने का मुद्दा हो, लगभग सभी मामलों को लेकर प्रदेश की जनता में भाजपा के खिलाफ रोष बना हुआ था। भाणा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायतों के अधिकार छीनने का काम किया, सरपंचों की बात सुनने व विकास कार्यों के लिए ग्रांट उपलब्ध करवाने की बजाए सरकार ने उन पर लाठीचार्ज करने का काम किया और दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस, इंडिया गठबंधन की बजाए जनता ने लड़ा है। सतबीर भाणा ने कहा कि उन्होंने लगातार 2 चुनाव (2014 व 2019 का विधानसभा चुनाव) लड़े हैं और जनता ने उन्हें खूब आशीर्वाद दिया है। चुनाव हारने के बाद भी जनता के दुःख-सुख में लगातार रहे हैं। गत दिनों हुई बदलाव रैली में जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता और राज्यसभा सांसद चौधरी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जनता को लोकसभा व विधानसभा चुनावों में एक-एक वोट कांग्रेस-इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को करने की अपील की, जिस पर लोगों ने समर्थन करते हुए एक-एक वोट डॉ. सुशील गुप्ता को देने का काम किया है, जिसके आधार पर कहा जा सकता है कि कुरुक्षेत्र लोकसभा से गठबंधन उम्मीदवार भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। सतबीर भाणा ने कहा कि लोकसभा उम्मीदवार डॉ सुशील गुप्ता की पुंडरी हल्के के ढांड, पाई, ट्योंठा, फरल, डीग, भाणा, करोड़ा, फतेहपुर आदि में जो-जो जनसभाएं हुई हैं, जिसमें भारी भीड़ के चलते जनसभाओं ने रैली का रूप धारण किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में लोगों में इंडिया गठबंधन के प्रति काफी उत्साह और भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा रोष देखने को मिला। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतबीर भाणा ने कहा कि केंद्र में अबकी बार भाजपा सरकार नहीं बनेगी और हरियाणा में भी 7-8 सीटें कांग्रेस व इंडिया गठबंधन जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता खुद बोल रही थी कि अबकी बार प्रदेश से भाजपा के 10 साल के कुशासन को उखाड़ फेंकेंगे और पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। कर्मचारी, युवाओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, गृहिणियों में सरकार के प्रति रोष है और वे अपने साथ हुए अत्याचार का बदला वोट की चोट से लेंगे। विश्वास के साथ दावा करते हुए सतबीर भाणा ने कहा कि पूंडरी हल्के के लगभग 100 से अधिक बूथों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता जीत दर्ज करेंगे।
