
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़, 15 जुलाई – हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ वाले क्षेत्रों में जल जनित रोगों और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा हैं।
विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा, चिकित्सा शिविरों का आयोजन, दवाओं का वितरण, घर-घर का दौरा, ओआरएस पैकेट का वितरण, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और घायलों के लिए रेफरल परिवहन सेवा, क्लोरीन टेबलेट का वितरण, फॉगिंग, मच्छरों के प्रजनन की जाँच करना और पीने के पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जल परीक्षण सम्बंधित गतिविधियां की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बाढ़ से 416 गांवों व शहरी क्षेत्र के 32 वार्ड प्रभावित हैं। चिकित्सा टीमों द्वारा सभी गांवों व प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि आज 340 चिकित्सा शिविर लगाए गए व अब तक 703 शिविर लगाए जा चुके है। इसी प्रकार, आज चिकित्सा शिविरों में 7833 मरीजों की जांच की व अब तक 12680 की जांच की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि गांवों/वार्डों में फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है और आज ओआरएस घोल के पैकेट वितरित किए गए।
