
दक्ष दर्पण समाचार सेवा। चण्डीगढ़ dakshdarpan2022@gmail.com
पलवल जिले के गांव मोहना में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बाढ़ के कारण फरीदाबाद और पलवल जिले के लगभग 16 गांव ऐसे है, जिनकी अब कनेक्टिविटी उत्तरप्रदेश के इलाकों से ही बची है और उनकी सहायता के लिए यूपी सरकार से हमारी चर्चा चल रही है। वहीं पांच गांव टापू के रूप में हो गए है। उन्होंने कहा कि पलवल में बाढ़ पीड़ितों की राहत के लिए एनडीआरएफ की दो टुकड़ियां आ चुकी है और एक टुकड़ी जल्द आ जाएगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जो लोग गांव छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते है, उन्हें रेस्क्यू किया जाएगा तथा जो लोग अपने घरों में रहना चाहता है, उनके लिए प्रशासन राशन की व्यवस्था करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित निकालना हमारा पहला काम है। ऐसे में सरकारी स्कूलों, सामुदायिक केंद्रों को राहत कैंप बना दिया गया है और वहां पर खाने और रहने की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार एयर फोर्स की सहयता से भी पलवल-फरीदाबाद में बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में राशन, पानी पहुंचाने के लिए योजना बना रही है।

इसके उपरांत डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोनीपत जिले के गांव जाजल और जाजल टोंकी में बाढ़ पीड़ितों से मिले और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा पशुओं के लिए चारे की मांग पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जल्द ही यह व्यवस्था कर दी जाएगी।
