
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
नारनौल जिले के 6 ब्लॉकों में 13 बूथों पर होने वाले उप–चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण के दिशा निर्देश में आज चुनावी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। एसपी ने बताया कि जिले में उप–चुनाव को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष व भयमुक्त तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें। उन्होंने कहा कि शरारती व असामाजिक तत्व व अफवाह फैलाने वाले लोगों से सतर्क रहें और उनकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस विभाग उप–चुनाव को लेकर हर तरह से अलर्ट है।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने पंच व सरपंच पद के लिए उम्मीदवारों के साथ बैठक की और उप–चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने में सहयोग की अपील की। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने संयुक्त रूप से गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान एसपी विक्रांत भूषण ने ग्रामीणों से निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया।
शांतिपूर्वक उप–चुनाव को लेकर हर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस अपनी नजर रख रही है, ताकि प्रत्याशी मतदाताओं को किसी तरह की धमकी, प्रलोभन, शराब व पैसा का वितरण न कर सकें। माहौल खराब करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शांतिपूर्ण उप–चुनाव संपन्न करवाने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

