
डीपी वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
नई दिल्ली (पॉलिटिकल डेस्क) भारतीय जनता पार्टी 9 साल से केंद्र में सत्ता पर काबिज है और 1 वर्ष बाद उसे लोकसभा चुनाव में फिर खुद को साबित करके दिखाना है इसलिए चुनाव से पहले का यह एक वर्ष सत्ता को बचाए रखने और हैट्रिक का अनूठा रिकॉर्ड स्थापित करना उसका टारगेट है। ऐसा करना भाजपा के लिए विशेष तौर पर महत्वपूर्ण है। इसके लिए भाजपा ने पूरे देश में अपनी पॉलिटिकल एक्सरसाइज शुरू कर दी है ।जीत के नए-नए फार्मूले तलाश किया जा रहे हैं या अप्लाई किये जा रहे हैं। इस कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लेने की तैयारी में नजर आ रहे हैं।

तीन अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से जीत कर चौथी बार सांसद बने डॉक्टर अरविंद शर्मा।
देश में नए मतदाताओं जिन्हें पहली बार मतदान करने का अवसर मिलेगा, को भाजपा ने सम्मानित करने का कार्यक्रम बनाकर एक बड़ी राजनीतिक और कूटनीतिक पहल की है जिससे ऐसे मतदाता भारतीय जनता पार्टी से स्वाभाविक और भावनात्मक तरीके से जुड़ सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी को एक कैलकुलेटिव पॉलीटिकल पार्टी के रूप में देखा जाता है ।उसके नेता जीत के नए-नए फार्मूले तलाश कर लेते हैं। पार्टी संगठनात्मक दृष्टि से देश में बहुत आगे है। बहुत लोग कहने लगे हैं कि भारतीय जनता पार्टी को चुनाव लड़ना आता है और अब दसवें साल उसकी बड़ी परीक्षा होनी है।
जानकार बता रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सरकार और संगठन में फेरबदल करके भी जीत का फार्मूला तलाश रहा है ।
ऐसे में केंद्र में कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है और जो संगठन में है उन में से कुछ को सरकार में भी लाया जा सकता है। जो लोग यह कहते हैं कि युद्ध के समय घोड़े नहीं बदले जाते उन्हें शायद भारतीय जनता पार्टी यह जवाब देना चाहती है कि युद्ध के समय घोड़े बदलने का लाभ भी होता है।
आपको बता दें कि अन्य दलों की तरह भारतीय जनता पार्टी में भी एक रिवाज है । वह यह कि हार के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और जीत पर सम्मान दिया जाए। हार ऐसी चीज है जो हार के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को ही हाशिए पर ले जाती है। भाजपा में तो एक कहावत है की जो हार गया सो बाहर गया।
इस परिपेक्ष में एक बड़ी खबर सामने आ रही है ।वह यह कि भारतीय जनता पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को लेकर एक्सटेंशन देने के बाद भी जिम्मेदारी से मुक्त कर सकती है और किसी ऐसे नेता पर दाव खेल सकती है जो अपने दम पर भी पार्टी का कलेवर बदलने की
कुव्वत रखना हो। भाजपा की इंटरनल स्टोरी यह है कि हिमाचल प्रदेश सहित कर्नाटक में भाजपा की हार का ठीकरा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सिर पर फोड़ने की कोशिश के तहत नया अध्यक्ष लाने की तैयारी की खबरें भी चलने लगी है। अनुमान है कि नया अध्यक्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पसंद का तो होगा ही, उसके संगठन के तजुर्बे को भी अधिमान दिया जाएगा।
जेपी नड्डा से पार्टी के कुछ नेता इस बात से भी नाराज बताए गए हैं कि देश की राजधानी नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी का फाइव स्टार होटल नुमा बड़ा राष्ट्रीय कार्यालय होते हुए भी श्री नड्डा एक डेढ़ साल से अपने आवास पर ही बैठक करते आ रहे हैं। इससे पार्टी को हुए नुकसान को नेताओं ने समझा भी है और महसूस भी किया है। व्यवस्थाओं को लाइन पर लाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आने-जाने का अपना क्रम बढ़ा दिया है। आने वाली समय में पार्टी इस अवस्था पर कोई स्पीकिंग ऑर्डर भी पास कर सकती है। जेपी नड्डा को बदला गया तो उनकी जगह केंद्र का कोई मंत्री भी ले सकता है। इसी फेरबदल में जेपी नड्डा को मंत्रिमंडल का हिस्सा भी बनाया जा सकता है। इसमें तो कोई दो राय नहीं कि भारतीय जनता पार्टी में आज भी और कल भी वही होगा जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह चाहेंगे ।इन दोनों में इतनी जबरदस्त अंडरस्टैंडिंग है कि यह कई बातों को परस्पर नज़रें मिलते ही समझ जाते हैं बोलने तक की जरूरत नहीं पड़ती।
बता दे कि इसी कड़ी में हरियाणा में भी दो बड़े फेर बदल हो सकते हैं ।बेशक लोग आज इन्हें व्यवहारिक न माने लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए यह बात सबको मालूम है।

पहले भी हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर।
राजनीति मौके का सदुपयोग करने का भी नाम है ।इसमें कई बार वह हो जाता है जो कहा नहीं जाता और जो कहा जाता है वह होता नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के लिए हरियाणा बहुत महत्व रखता है। हरियाणा की गतिविधियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह खास नजर रखते हैं। इन दोनों को अगले लोकसभा चुनाव में हरियाणा की 10 की 10 सीटों पर जीत चाहिए। ऐसे में पार्टी के नेता कोई भी फैसला लेने को तैयार हो सकते हैं।
यहां एक बात बहुत महत्वपूर्ण है वह है रोहतक की लोकसभा सीट पर जीत। एक तरफ जहां कांग्रेस रोहतक में अपनी जीत पक्की मानकर चल रही है वहीं भाजपा के नेता भी यह कहकर इस संसदीय क्षेत्र की अहमियत को बढ़ा रहे हैं कि हरियाणा में भाजपा का मुकाबला केवल एक सीट पर कांग्रेस से है और वह है रोहतक। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के नेता इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि चुनाव के समय यदि यह खबर चर्चा में आ गई कि रोहतक में भी भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार जीत जाने की स्थिति में है तो फिर इसका असर सभी 10 सीटों पर जाएगा और भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर 10 का दम दिखाने में सफल हो जाएगी।
2019 में लोकसभा के चुनाव से पहले भाजपा ने यह महसूस किया था कि रोहतक में हमें दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ किसी जाट को प्रत्याशी नहीं बनाना चाहिए बल्कि किसी मजबूत गैर जाट प्रत्याशी को खड़ा करना चाहिए और फिर चुनाव में उसे इसी विचार का लाभ हुआ।
जहां 2014 में नरेंद्र मोदी की आंधी के बावजूद भारतीय जनता पार्टी रोहतक में विजय श्री प्राप्त करने से चूक गई थी। वहीं उसे 2019 में उम्मीदवारी में फेरबदल करने का लाभ हुआ। भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेता इस विचार के हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहतक की जीत को सुनिश्चित करने और हरियाणा में विधानसभा के चुनाव में सीधा राजनीतिक लाभ लेने के लिए रोहतक के मौजूदा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा को केंद्र में मंत्री बना सकते हैं। डॉ अरविंद शर्मा बेशक भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर पहली बार सांसद बने हैं लेकिन कुल मिलाकर चार बार सांसद रहे हैं और तीन अलग-अलग जगह से चुनाव लड़कर जीत हासिल करने में सफल रहे हैं । हरियाणा में ऐसा चमत्कार डा अरविंद शर्मा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल ही कर पाए थे। आपको बता दें कि डॉक्टर अरविंद शर्मा पहली बार 1996 में सोनीपत से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सांसद बने। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में भाजपा के महासचिव प्रभारी हुआ करते थे। उस समय से इन दोनों में अच्छी अंडरस्टैंडिंग है। बेशक डॉ अरविंद शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल में थोड़ी बहुत मतभेद नजर आते हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉक्टर अरविंद शर्मा की अहमियत को अच्छी तरह से जानते हैं और उन्हें पसंद भी करते हैं ।जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉक्टर अरविंद शर्मा की बेटी की शादी में रोहतक आए और काफी देर तक ठहरे तब उनकी बॉडी लैंग्वेज यह बता रही थी कि उनके लिए डॉक्टर अरविंद शर्मा खास हैं।
हरियाणा के मामलों में यह गौर करने की बात है कि स्वर्गीय पंडित चिरंजीलाल शर्मा करनाल से लगातार चार बार सांसद रहे। हरियाणा में पंडित भगवत दयाल शर्मा के बाद उन्हें सबसे बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में देखा जाता था।उन्होंने कई बार भारतीय जनता पार्टी की नेत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज को हराकर जीत हासिल की परंतु वह कभी केंद्र में मंत्री नहीं बन पाए। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा कांग्रेस की कमजोरियों का फायदा उठाया है । ऐसे में डॉक्टर अरविंद शर्मा को केंद्र में मंत्री बनाने का फैसला ले लिया गया तो ब्राह्मणों में इसे बहुत बड़े सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जाएगा। ब्राह्मण मतदाताओं की भूमिका और ब्राह्मण नेताओं की उपयोगिता को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बहुत अच्छी तरीके से समझते हैं और वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी इस बात का पूरा ध्यान रखने की सलाह देते रहते हैं, । वह भी डा अरविंद शर्मा की ताजपोश को समय की जरूरत के रूप में ले सकते हैं ।उन्होंने चुनाव के दृष्टिगत हरियाणा के अपने कार्यक्रमों में यह अच्छी तरह से समझ लिया होगा कि इस बार उनकी पार्टी को हरियाणा में जीत हासिल करने के लिए आमूल चूल परिवर्तन करने पड़ सकती हैं और श्री अमित शाह भी डॉक्टर अरविंद शर्मा को केंद्र में मंत्री बनाने के प्रस्ताव की तायद कर सकते हैं। उन्हें पता है कि डॉक्टर अरविंद शर्मा को इस तरह से मजबूत करने से भारतीय जनता पार्टी को रोहतक सोनीपत और करनाल लोकसभा क्षेत्र में ही नहीं ब्राह्मण बाहुल्य कई और विधानसभा क्षेत्रों मैं बड़ा राजनीतिक लाभ हो सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि डॉक्टर अरविंद शर्मा को इस तरह से मजबूत किया गया तो वे चुनाव जीत सकते हैं इससे भाजपा को भी कई लाभ हों सकते हैं। ऐसा करके पार्टी हरियाणा में कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों को काउंटर कर पाएगी और गैर जाट मतदाताओं में उसका प्रभाव बढ़ेगा। लोग कहते हैं कि पार्टी को मजबूत करने की नीयत से जब भाजपा के नेता पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई को भारतीय जनता पार्टी में शामिल करा सकती है तो वह इसी मकसद से डॉक्टर अरविंद शर्मा को केंद्र में मंत्री भी बन सकती है।
लोग इस सवाल पर तत्काल यह कहते हैं कि हरियाणा छोटा सा प्रदेश है और उसमें उसके तीन नेता केंद्र में मंत्री हैं ऐसे में चार मंत्री बना देने का कोई औचित्य नजर नहीं आता ।लेकिन यहां भी एक संभावना और बन रही है और वह यह कि पार्टी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाले एक केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को संगठन की जिम्मेदारी देने के सवाल पर विचार कर रही है ।कृष्णपाल गुर्जर को हरियाणा में ओमप्रकाश धनखड़ की जगह प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की बड़ी वकालत हो रही है ।बता दें कि ओमप्रकाश धनखड़ के अध्यक्ष बनने के समय पहला नाम कृष्ण पाल गुर्जर का ही आया था और मात्र घोषणा बाकी थी परंतु जेपी नड्डा ने अपने संबंधों के दृष्टिगत ओम प्रकाश धनखड़ को अध्यक्ष बनाए जाने का रास्ता निकाल दिया। यहां दो बात खास है। बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के वक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को यह संदेश था थे कि हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष व्यक्ति को बनाया जाए जो मूल रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा का हो और सभी कार्यकर्ताओं को जानता हो। कृष्णपाल गुर्जर इसके लिए उपयुक्त उम्मीदवार थे। उन्हें इसकी सूचना भी दे दी गई थी परंतु एक लालच ने उनका फिर से अध्यक्ष बनने का मार्ग अवरुद्ध कर दिया और वह वह थी उनके मंत्री बने रहते अध्यक्ष बनने की इच्छा। कहते हैं कि श्री गुर्जर चाहते थे कि वह मंत्री भी रहे और प्रधान भी ।इसके लिए प्रधानमंत्री से मंजूरी लेनी जरूरी थी। जिसके लिए उपयुक्त हालत नहीं बने और इसी उहापोह में कृष्णपाल गुर्जर चूक गए और ओमप्रकाश धनखड़ मौके का फायदा उठा ले जाने में सफल रहे। बताते हैं कि कृष्णपाल गुर्जर को उस बात का पछतावा आज भी है। ऐसे में श्री गुर्जर की ताजपोसी हुई तो भारतीय जनता पार्टी को तो दक्षिणी हरियाणा और गुर्जर बाहुल्य विधानसभा सीटों पर लाभ होगा ही, कृष्णपाल गुर्जर को भी हरियाणा की राजनीति में कालका से लेकर होडल तक और सोनीपत से लेकर सिरसा तक अपना सिक्का जमाने का मौका मिलेगा। यहां यह बात भी बहुत महत्वपूर्ण है कि भारतीय जनता पार्टी का थिंक टैंक ऐसा महसूस करता है कि जिस तरह पूरे देश में राजपूत मतदाता बीजेपी का मुरीद हो गया है ऐसे ही गुर्जर मतदाता भी कांग्रेस की जगह भाजपा को पसंद करने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी कृष्णपाल गुर्जर के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को देशभर में उन राज्यों में कैश करने की कोशिश कर सकेगी जहां गुर्जर मतदाता निर्णायक स्थिति में है। भारतीय जनता पार्टी के नेता इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि हरियाणा में जाट मतदाता पहले ही पार्टी के खिलाफ थे अब सीधे तौर पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पीछे लगभग एक तरफा लामबंद हो गए हैं ।ऐसे में पार्टी के नेता यह विचार करते हैं कि जब जाट वोट ही नहीं देते तो जाट को अध्यक्ष बनाए रखने का क्या औचित्य है। ओमप्रकाश धनखड़ अपने राजनीतिक जीवन में 2014 में एक ही बार चुनाव जीते हैं परंतु मंत्री रहते अगली बार फिर हार गए। उनके आगामी चुनाव भी भी इतना कठिन है कि लोग उनके जीत की संभावना ही नहीं बताते । यदि ओमप्रकाश धनखड़ को पद से हटा दिया गया और कृष्ण पाल गुर्जर को बना दिया गया तो इससे गैर जाट मतदाता पूरे हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की बात करता नजर आ सकता है। इसलिए इस बात की संभावनाएं बलवती होती जा रही है कि भारतीय जनता पार्टी जहां संगठन और सरकार में फेर बदल कर सकती है वहीं हरियाणा में भी कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

