
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
चंडीगढ़, 18 जून – भारत के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की सराहना करते हुए कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा में भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने पिछली सरकार के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार थ्री-डी की सरकार थी। थ्री-डी यानी दरबारी, दामाद और डीलर। मनोहर लाल ने इन तीनों डी को समाप्त कर दिया है।
श्री अमित शाह आज जिला सिरसा में आयोजित गौरवशाली भारत रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 9 साल पहले का भारत याद करिए,12 लाख करोड़ के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार कांग्रेस पार्टी ने किये थे। इन 9 साल में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से शासन उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय वर्ष 2004 से 2014 तक हरियाणा को डीवैल्यूशन और ग्रांट इन ऐड के कुल मिलाकर 40,000 करोड़ रुपये दिये थे। जबकि श्री नरेंद्र मोदी ने इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये हरियाणा को दिए हैं। हरियाणा कैरोसीन मुक्त व पढ़ी-लिखी पंचायतों वाला देश का पहला राज्य बना- केंद्रीय गृह मंत्री
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने परिवार पहचान पत्र लागू करके हर गरीब को सरकार की योजनाओं का लाभ उनके घर द्वार पर दिया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्री अमित शाह को विश्वास दिलाया कि पिछली बार की तरह इस बार भी 10 के 10 कमल खिलाकर पार्टी अपना फर्ज पूरा करेगी।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज, ऊर्जा मंत्री श्री रणजीत सिंह, शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल, सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिपुरा श्री विप्लब देव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश धनखड़, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री सुभाष बराला, विधायक श्री गोपाल कांडा, श्री लक्षमण नापा, श्री दुड़ाराम, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री आदित्य देवीलाल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
