दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
रुड़की : रुड़की में उत्तम शुगर मिल में दो कर्मचारियों पर मशीन का ऊपरी हिस्सा गिर गया। बे सफाई का काम कर रहे थे। मशीन का भारी सामान गिरा जिससे दोनों कर्मचारी उसके नीचे दब गए। मिल में साथी कर्मचारियों ने एड़ी चोटी का जोर लगाकर दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया परंतु चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
यह दुर्घटना बुधवार की बताई जा रही है है। रुड़की क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव स्थित दिल्ली-हरिद्वार हाइवे पर उत्तम शुगर मिल है। मिल में गोपीराम (42) पुत्र किरत राम थाना भगवानपुर और सुरेंद्र (22) पुत्र बालेन्द्र निवासी ब्रह्मपुर जट मिल में पाइपों की सफाई का काम रहे थे। इस दौरान मिल की मशीन का ऊपरी हिस्सा उनके ऊपर गिर गया।
दोनों कर्मचारी संभल पाते इससे पहले दोनों मशीन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास कार्य कर रहे कर्मचारी मौके पर पहुंचे ओर दोनों को मशीन के नीचे से बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में मंगलौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसा होने के बाद मिल में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने लगाया मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
मृतकों के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मिल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मिल प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोई भी उपयुक्त व्यवस्था नहीं थी। उनका कहना है कि अगर सेफ्टी का सामान होता तो दोनों की जान बच सकती थी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस में दोनों कर्मचारियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

