
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
भैंसवाल कलां, 13 अक्टूबर 2026। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग, साउथ कैंपस, भैंसवाल कलां में ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फार्मेसी विभाग की चेयरपर्सन प्रो. नीलम जैन ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे एवं मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
ब्रह्माकुमारीज संस्था से पधारीं रेनू दीदी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आत्मसंयम, सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक जागरूकता के माध्यम से बुरी आदतों पर नियंत्रण रखने का संदेश दिया तथा सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प करवाया। इस अवसर पर संस्था से श्री एस.सी. गर्ग भी उपस्थित रहे।
प्रो. नीलम जैन ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से नशामुक्त भारत के लक्ष्य को जोड़ते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने और समाज में नशामुक्ति के संदेश का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया।
BPSMV के डिग्री कॉलेज विभाग से सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. वीना गर्ग ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन एवं अच्छी आदतों का महत्व समझाया। उन्होंने सुबह जल्दी उठने की आदत को जीवन में अनुशासन और सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मोबाइल एडिक्शन के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “नशे और बुराई को आपने पकड़ा है, नशे ने आपको नहीं पकड़ा।” उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी इच्छाशक्ति मजबूत कर बुरी आदतों से बाहर निकलने तथा अपने जीवन की दिशा स्वयं निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गुलशन कुमार ने किया। उन्होंने युवाओं में नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और नैतिक मूल्यों के प्रसार में ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण, डॉ. पिंकी, डॉ. नेहा, डॉ. मीनू रानी एवं डॉ. प्रतिभा सहित विभाग के सभी गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम ने युवाओं को नशे एवं मोबाइल की लत से दूर रहने, नियमित दिनचर्या अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
