इंदिरा कॉलोनी से पूरे देश तक नशे के खिलाफ जनजागरण और भगवान वाल्मीकि का शिक्षा का दिया संदेश दिया।

दक्ष दर्पण
मनीमाजरा, चंडीगढ़।
धर्म रक्षक कला मंच रामलीला एवं दशहरा कमेटी (रजि.), न्यू इंदिरा कॉलोनी, रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-13, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित रामलीला में ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, चेयरमैन सुभाष धीमान, श्याम सुंदर उर्फ श्यामा प्रधान तथा महासचिव राज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश देने के साथ-साथ इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, चंडीगढ़ और पूरे देश को नशामुक्त बनाने तथा शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें बुराई पर अच्छाई की जीत, सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। लेकिन बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम सभी मिलकर समाज में फैली बुराइयों को दूर करने का संकल्प लें। नशा आज युवाओं और परिवारों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और आम नागरिकों को एकजुट होकर जनजागरण अभियान चलाना होगा।
उन्होंने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा नशे के विरुद्ध बार-बार किए जा रहे आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इंदिरा कॉलोनी से लेकर मनीमाजरा, चंडीगढ़ और पूरे देश में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए समाज को आगे आना चाहिए।
भगवान वाल्मीकि जी के संदेश से शिक्षा का आह्वान:
राजबीर सिंह भारतीय ने भगवान वाल्मीकि जी को नमन करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा से ही संभव है। प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर पूरा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि बच्चों के हाथों में कलम और किताबें देकर उन्हें ज्ञान, आत्मनिर्भरता और सम्मान के मार्ग पर आगे बढ़ाया जाए। शिक्षित बच्चे ही एक जागरूक, सशक्त और नशामुक्त समाज की नींव बन सकते हैं।
रामलीला के कलाकारों और आयोजकों का किया सम्मान:
इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय ने धर्म रक्षक कला मंच के अध्यक्ष रविन्द्र लोहट, पूर्व डिप्टी मेयर विनोद अग्रवाल, चंडीगढ़ नगर निगम की मनोनीत पार्षद गीता चौहान, कमल मौर्य, पूर्व प्रधान मेघराज तथा रामलीला के मंचन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और कलाकारों का विशेष धन्यवाद एवं स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों और प्रभावशाली रामायण मंचन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
भारतीय ने आयोजक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला का मंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का भी सशक्त मंच है। यदि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारा जाए, भगवान वाल्मीकि जी के संदेश से प्रेरणा लेकर शिक्षा को प्राथमिकता दी जाए और नशे जैसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध सभी एकजुट हों, तो एक बेहतर, सुरक्षित और संस्कारवान समाज का निर्माण किया जा सकता है।
राजबीर सिंह भारतीय अपने मुख्य अतिथि के रूप सम्बोधन में सभी नागरिकों से अपील की कि वे नशामुक्त समाज, बच्चों की शिक्षा, बेटियों के सशक्तिकरण और आपसी भाईचारे को अपने जीवन का संकल्प बनाएं। यही भगवान श्रीराम के आदर्शों के प्रति सच्ची आस्था और समाज के प्रति हमारी वास्तविक जिम्मेदारी होगी।
