दक्ष दर्पण
पिंजौर मुख्य मार्ग पर पुलिस थाने के साथ जितने भी लोग फड़ी आदि लगाकर वर्षों से अपनी रोटी रोजी कमा रहे थे उनको अब पेट पालने के लाले पड़ सकते हैं। क्योंकि उन्हें प्रशासन में बेदखल करने का अभियान उस समय शुरू कर दिया जब वह दशहरा दीपावली के त्योहारों को लेकर ‘सीजन’ के सपने बुन रहे थे। नगर परिषद के लोग इन छोटे-मोटे कई दुकानदारों का सामान शुक्रवार को ट्रक में लाद कर ले गए । शेष को आजकल में जगह खाली कर देने की चेतावनी दे दी गई है। इस कार्रवाई से थाने के सामने ही बैठे सब्जी बेचने वालों को भी यह सोचकर पसीने छूट गए होंगे कि जल्दी ही नंबर उनका भी आना है।
शुक्रवार को पुलिस ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में यह जगह खाली कराने का अभियान चलाया नगर परिषद के कुछ कर्मचारी गाड़ी और जेसीबी लेकर पहुंच गए। जो सामान रखा था उसे एक ट्रक में भर लिया गया और दुकानदार अपनी यह दुनिया उजड़ती देखते रहे। दुकानदारों को तो अब लोग यही तसल्ली दे रहे हैं कि भाई सब्र से काम लो परमात्मा एक रास्ता बंद करता है तो दूसरा खोलता भी है।
