
दक्ष दर्पण
चण्डीगढ़।आप नेता राजेश चौधरी ने कहा है कि बीजेपी और कांग्रेस का अंदरूनी गठजोड़: वार्ड नंबर 20 की जनता को गुमराह कर रहे पारम्परिक व दल-बदलू नेता – आप नेता राजेश चौधरी
चंडीगढ़:
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता आप नेता राजेश चौधरी ने वार्ड नंबर 20 (गांव हल्लो माजरा व बहलाना) की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं पर तीखा हमला बोला है। आप नेता राजेश चौधरी ने कहा कि वार्ड नंबर 20 में भाजपा और कांग्रेस के नेता केवल जनता को गुमराह करने के लिए अलग-अलग होने का नाटक करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि चुनाव आते ही ये दोनों दल अंदरखाने हाथ मिला लेते हैं।
उन्होंने कहा कि इस वार्ड में स्थिति ऐसी है कि कुछ परिवारों के रिश्तेदार दोनों प्रमुख पार्टियों में बंटे हुए हैं। यदि चुनाव के दौरान इनमें से किसी को टिकट नहीं मिलती, तो वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर जाते हैं। अलग-अलग पार्टियों से जुड़े होने के बावजूद चुनाव के समय ये सब एक हो जाते हैं और जनता के वोटों को बांटने तथा काटने का काम करते हैं। चुनाव में वोट हासिल करने के बाद, अपनी सुविधा के अनुसार फिर से कोई कांग्रेस तो कोई भाजपा में शामिल हो जाता है। जनता के वोटों का फायदा उठाकर और उन्हें गुमराह करके ये नेता अपनी-अपनी पार्टियों में बड़े पद हासिल करने में आगे रहते हैं।
आप नेता राजेश चौधरी ने दल-बदलू नेताओं पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 20 में कुछ नेता ऐसे भी हैं जो लगभग सभी राजनीतिक दलों का चक्कर लगा चुके हैं वे कभी निर्दलीय लड़े, फिर कांग्रेस में गए, फिर भाजपा में, फिर अकाली दल में, उसके बाद आम आदमी पार्टी और फिर बीएसपी (बसपा) तक चक्कर काट आए। ऐसे नेताओं की सोच कभी भी वार्ड की जनता या विकास के लिए नहीं रही; इनकी सोच केवल अपने निजी स्वार्थ और अपने परिवार के फायदे तक ही सीमित है। वार्ड नंबर 20 में ऐसे कई तथाकथित और अवसरवादी नेता सक्रिय हैं।
आप नेता राजेश चौधरी ने भाजपा और कांग्रेस के पारिवारिक राजनीति तथा राजनीतिक इतिहास के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव के समय ये नेता जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। इनका एकमात्र मकसद किसी भी तरह अपना निजी और पारिवारिक फायदा साधना है। जनता को गुमराह करने की कला अगर किसी से सीखनी है, तो इन अवसरवादी नेताओं से सीखनी चाहिए, जो सिर्फ अपने स्वार्थ की राजनीति करते हैं।
आप नेता राजेश चौधरी ने कहा कि कुछ नेता वर्षों पुरानी राजनीति और पारिवारिक पृष्ठभूमि की बातें कर अपना झूठा प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि आज का युवा पढ़ा-लिखा और जागरूक है। लोग दावों से नहीं, बल्कि जमीनी काम से नेताओं का आकलन करते हैं।
आप नेता राजेश चौधरी ने सवाल उठाया कि विगत 5 वर्षों में जमीनी स्तर पर इन नेताओं ने किससे मिलकर क्या काम कराया? इसका कोई ठोस विवरण जनता के सामने होना चाहिए। पुराने पारिवारिक नाम और बार-बार पार्टियां बदलने के सहारे वोट मांगने वाले नेताओं ने इस वार्ड को पीछे धकेलने का काम किया है।
वार्ड नंबर 20 (हल्लो माजरा और बहलाना) के निवासियों से अपील करते हुए आप नेता राजेश चौधरी ने कहा, जनता को यह देखना होगा कि पिछले 5 सालों में उनके सुख-दुख में कौन लगातार साथ खड़ा रहा। काम छोटा हो या बड़ा, उसे पूरा कराने में कौन आगे रहा। अगर पुराने नामों और मौकापरस्त नेताओं को फिर से मौका दिया गया, तो वार्ड फिर से विकास की दौड़ में पिछड़ जाएगा। वार्ड को आगे वही ला सकता है, जो आपके बीच हमेशा उपस्थित रहे और ईमानदारी से काम करे।
