
दक्ष दर्पण
(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर 2026।
चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 20 स्थित गांव बहलाना की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता राजेश कुमार चौधरी ने चुनाव आयोग और चंडीगढ़ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मतदाता सूची की निष्पक्ष एवं गहन जांच करवाने की मांग की है।
राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि प्रशासन की ओर से SIR प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने का दावा किया गया था, लेकिन अंतिम मतदाता सूची में ऐसी प्रविष्टियां सामने आ रही हैं, जिनसे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 20 के गांव बहलाना की मतदाता सूची में कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति का नाम, फोटो, पिता/पति का नाम और पता समान होने के बावजूद अलग-अलग क्रमांक एवं अलग-अलग वोटर आईडी नंबरों के साथ दर्ज दिखाई दे रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि क्रमांक 916 और 921 पर एक जैसे विवरण वाली प्रविष्टियां सामने आई हैं।
इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में ऐसे भी कई नाम दर्ज हैं, जिनके सामने मकान नंबर या स्पष्ट पता अंकित नहीं है। उनका कहना है कि इस तरह की प्रविष्टियों की भी प्रशासन द्वारा सत्यापन प्रक्रिया के तहत जांच की जानी चाहिए।
राजेश चौधरी ने मतदाता सूची में कुछ नामों/फोटो के सामने ‘DELETED’ लिखे होने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि SIR प्रक्रिया के तहत जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद अंतिम सूची जारी की गई है, तो उसमें ‘DELETED’ के रूप में प्रविष्टियां किस प्रक्रिया और आधार पर शामिल हुईं, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) और चंडीगढ़ चुनाव विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वार्ड नंबर 20 की मतदाता सूची की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करवाएं। साथ ही, कथित रूप से दोहरी प्रविष्टियों, अधूरे पते और हटाई गई प्रविष्टियों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि मतदाताओं के बीच किसी भी प्रकार का भ्रम न रहे।
राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि यदि जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है और यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर विचार करेगी।
