निजी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था गौरव, पिता की सात साल पहले हो चुकी है मौत
शाम को ड्यूटी से घर लौटी मां तो कमरे में फंदे से लटका मिला बेटे का शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस।

दक्ष दर्पण
फतेहाबाद, 30 सितंबर । शहर के लाजपत नगर में बुधवार शाम 14 वर्षीय गौरव का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। गौरव निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। घटना के समय घर में कोई नहीं था। शाम को उसकी मां ड्यूटी से घर पहुंची तो कमरे में बेटे को फंदे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गौरव अपनी मां के साथ लाजपत नगर में पिछले कई वर्षों से किराये के मकान में रह रहा था। उसके पिता की करीब सात वर्ष पहले मौत हो चुकी है। गौरव की मां लोक निर्माण विभाग में काम करती है। बुधवार को वह ड्यूटी पर गई थी और गौरव घर पर अकेला था। शाम को जब वह वापस लौटी तो कमरे में बेटे का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में गौरव के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके स्कूल और परिचितों से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
