कभी-कभी जब मैं अपने जीवन की राह पर पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो महसूस होता है कि मेरी यात्रा कभी अकेली नहीं रही। हर मोड़ पर किसी न किसी गुरु ने मेरा हाथ थामा, मुझे दिशा दी और मेरे भीतर छिपी संभावनाओं पर मुझसे कहीं अधिक विश्वास किया।
भारतीय सनातन परंपरा में गुरु को केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि अज्ञान से ज्ञान, अंधकार से प्रकाश और संशय से आत्मबोध की ओर ले जाने वाला रहनुमा माना गया है। मेरे लिए गुरु की परिभाषा किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। मेरी दृष्टि में मेरे जीवन में गुरु के पाँच सोपान रहे हैं—माँ, पिता, शिक्षक, आध्यात्मिक गुरु और अंततः मोक्ष का गुरु।
प्रथम गुरु — माँ : संस्कारों की पहली पाठशाला
मेरे जीवन की पहली गुरु मेरी माँ हैं। मैंने उनसे किताबों के अक्षर पढ़ने से पहले जीवन के अक्षर सीखे। बोलना, चलना, रिश्तों की कद्र करना, किसी के दुख को समझना और परिस्थितियों में भी इंसानियत को बचाए रखना—इन सबकी पहली तालीम मुझे माँ से ही मिली।
माँ ने मुझे केवल जीवन नहीं दिया, बल्कि जीवन को जीने की तहज़ीब भी दी। उनकी डाँट में भी ममता थी, उनकी खामोशी में भी सीख थी और उनकी दुआओँ में मेरे लिए एक ऐसी रोशनी थी, जिसने मुझे हर कठिन समय में संभाला।
आज भी जब किसी निर्णय के सामने ठहरती हूँ, तो भीतर से माँ के संस्कार ही मुझे सही और गलत का फ़र्क समझाते हैं।
द्वितीय गुरु — पिता : विश्वास का पहला स्तंभ
यदि माँ ने मुझे संस्कार दिए, तो मेरे पापा ने मुझे विश्वास दिया।
मेरे पापा हमेशा कहते हैं—
“श्री, तुम जो करना चाहो, वह सब कुछ कर सकती हो।”
उनका यह विश्वास मेरे लिए केवल एक वाक्य नहीं है। इसमें मेरे लिए एक अलग ही ऊर्जा है। जब कभी मुझे लगता है कि शायद मैं किसी काम को नहीं कर पाऊँगी, तो पापा की वही बात भीतर से आवाज़ देती है—तुम कर सकती हो।
शायद यही पिता का प्रेम है—वह हमारे हाथ में सफलता नहीं रखते, लेकिन हमारे भीतर उसे पाने का हौसला ज़रूर रख देते हैं।
तृतीय गुरु — शिक्षक : जिन्होंने मुझसे अधिक मुझ पर विश्वास किया
मेरे जीवन का तीसरा और अत्यंत महत्वपूर्ण गुरु-रूप है—मेरे शिक्षक।
शायद मेरा सबसे बड़ा सौभाग्य यही है कि मुझे अपने शिक्षकों की लाड़ली बनने का अवसर मिला। बचपन के शिक्षक से लेकर विद्यालय और विश्वविद्यालय तक, न जाने कितने शिक्षक मिले; लेकिन उनके शब्दों में एक बात जैसे समान रही—
“श्री सब कुछ कर सकती है।”
यह वाक्य मेरे लिए किसी रामबाण से कम नहीं रहा।
कई बार जीवन में ऐसी परिस्थितियाँ आती हैं, जब समझ नहीं आता कि आगे क्या करना है। लेकिन न जाने फिर कहाँ से शब्द मिल जाते हैं, उत्तर मिल जाते हैं और भीतर से कोई आवाज़ कहती है—तुम कर सकती हो।
मैं अक्सर सोचती हूँ, ये उत्तर आखिर आते कहाँ से हैं?
शायद यह मेरे शिक्षकों के उस विश्वास की देन है, जो उन्होंने मुझ पर किया। उनका भरोसा मेरे लिए केवल प्रशंसा नहीं था, बल्कि एक प्रेरणा था—एक ऐसी अदृश्य शक्ति, जो मुझे हर बार थोड़ा और आगे बढ़ने का साहस देती रही।
एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता। वह विद्यार्थी के भीतर छिपे उस व्यक्तित्व को पहचानता है, जिसे स्वयं विद्यार्थी भी कभी-कभी नहीं पहचान पाता।
मेरे शिक्षकों ने मुझे केवल ज्ञान नहीं दिया, उन्होंने मेरे भीतर आत्मविश्वास का दीप जलाया।
और शायद इसीलिए आज भी किसी चुनौती के सामने मैं सबसे पहले अपने भीतर से वही आवाज़ सुनती हूँ—
“श्री सब कुछ कर सकती है।”
चतुर्थ गुरु — आध्यात्मिक गुरु : भीतर की यात्रा
जीवन की बाहरी दुनिया हमें बहुत कुछ सिखाती है, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब मन अपने भीतर झाँकना चाहता है। यहीं से आध्यात्मिक गुरु की भूमिका शुरू होती है।
आध्यात्मिक गुरु हमें संसार से दूर नहीं करते, बल्कि संसार के बीच रहते हुए स्वयं को समझने की राह दिखाते हैं। वे बताते हैं कि वास्तविक शांति बाहर की उपलब्धियों में नहीं, बल्कि भीतर के सुकून और आत्मबोध में छिपी है।
उनकी शिक्षा हमें बताती है कि ज्ञान केवल जानने का नाम नहीं, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारने का नाम है।
पंचम गुरु — मोक्ष का गुरु : अंतिम सत्य की ओर
गुरु का अंतिम सोपान मेरे लिए मोक्ष का गुरु है—वह गुरु जो मनुष्य को उसके अंतिम सत्य से परिचित कराता है।
यह वह अवस्था है जहाँ प्रश्न कम होते जाते हैं और आत्मबोध गहरा होता जाता है। जहाँ मनुष्य स्वयं को केवल शरीर, नाम और पहचान से नहीं, बल्कि एक व्यापक चेतना के रूप में देखने लगता है।
मोक्ष का मार्ग शायद किसी एक दिन में तय नहीं होता। यह तो जीवनभर की साधना, अनुभव और आत्मचिंतन से निर्मित होने वाली यात्रा है।
गुरु — एक व्यक्ति नहीं, एक अनुभूति
मेरे लिए गुरु कोई एक चेहरा नहीं, बल्कि जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर मिली रोशनी हैं।
माँ ने मुझे संस्कार दिए,
पापा ने विश्वास दिया,
शिक्षकों ने मेरे भीतर की क्षमता पर भरोसा किया,
आध्यात्मिक गुरु ने भीतर की ओर देखना सिखाया,
और मोक्ष का गुरु अंतिम सत्य की ओर बढ़ने का मार्ग दिखाता है।
शायद इसीलिए गुरु का अर्थ केवल शिक्षक नहीं है। गुरु वह है, जो हमारे भीतर सोई हुई शक्ति को जगाए और हमें यह विश्वास दे कि—
“तुम्हारे भीतर उससे कहीं अधिक सामर्थ्य है, जितना तुम स्वयं समझते हो।”
मेरे जीवन में माँ की ममता, पापा का विश्वास और शिक्षकों का भरोसा—ये तीनों मेरे लिए किसी अमूल्य धरोहर से कम नहीं हैं।
और जब कभी जीवन मुझे किसी कठिन मोड़ पर खड़ा करता है, तो मुझे लगता है—मेरे पीछे उन सभी गुरुओं की दुआएँ और विश्वास खड़े हैं।
शायद यही गुरु-कृपा है।
शायद यही जीवन का सबसे सुंदर आलोक है।

— समीक्षाकार एवं कवयित्री
श्री ठाकुर
देवघर, (झारखंड)
