
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला 26 अगस्त (संदीप सैनी) पंचकूला के सेक्टर 26 स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पावन सावन मास के समापन के अवसर पर भव्य कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंदिर के प्रमुख पंडित आसाराम, दिनेश व श्रवण कुमार व महिला मंडली और सेक्टर 26 के निवासियों के सामूहिक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पंडित आसाराम ने बताया कीसावन मास का महत्व बहुत प्रमुख है। हिंदू पंचांग के इस पांचवें महीने को प्रकृति के सौंदर्य, हरियाली और अनन्य भक्ति का प्रतीक माना जाता है।
सावन के सभी सोमवार अत्यंत शुभ माने जाते हैं, जिनमें भक्त व्रत रखते हैं और शिवलिंग का गंगाजल से अभिषेक करते हैं।
श्रद्धालु कांवड़ यात्रा निकालकर शिवजी को जल अर्पित करते हैं। पंडित श्रवण कुमार ने बताया की मान्यता है कि इसी माह में माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया था, इसलिए यह महीना शिवजी को अत्यंत प्रिय है।
इस पावन महीने में नाग पंचमी, हरियाली तीज और रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं।
मंदिर के पंडित दिनेश जी के अनुसार, सावन माह में जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और प्रेम भाव से भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना करते हैं, उनकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
